
Railway News: अयोध्या से गुजरने वाली दो प्रमुख ट्रेनों में लगेंगे एलएचबी कोच, 25 जून से यात्रियों को मिलेगा सुरक्षित और आरामदायक सफर
अयोध्या। रेलवे प्रबंधक रेल यात्रा को द्रुतगामी और सुरक्षित के साथ आरामदायक बनाए जाने के प्रयास में जुटा है। जिसके तहत रेलवे में ट्रेनों के संचालन का विद्युतीकरण किया गया है और स्टेशनों का आधुनिकरण हुआ है। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए चरणबद्ध ढंग से कवच प्रणाली को स्थापित कराया जा रहा है। धार्मिक नगरी अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों के साथ क्षेत्रीय रेल यात्रियों का सफर आरामदायक और सुरक्षित बनाने के लिए उत्तर रेलवे ने अयोध्या से गुजरने वाली दो ट्रेनों के डिब्बों को आधुनिक करने का निर्णय लिया है।
उत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि लखनऊ–वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (24203/24204) एवं वाराणसी-बहराइच इंटरसिटी एक्सप्रेस (14213/14214) में एलएचबी डिब्बे लगाए जाएंगे। गाड़ी संख्या 24203/24204 लखनऊ–बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस में एलएचबी रेक का संचालन 25 जून से लखनऊ तथा 26 जून से बनारस से प्रारंभ होगा। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 14213/14214 वाराणसी–बहराइच इंटरसिटी एक्सप्रेस में एलएचबी रेक का संचालन 25 जून से वाराणसी तथा 26 जून से बहराइच से शुरू किया जाएगा।
रेलवे प्रबंधन के मुताबिक यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं अधिक आरामदायक यात्रा सुविधा प्रदान करने की दिशा में उत्तर रेलवे ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिसके तहत वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस तथा वाराणसी- बहराइच इंटरसिटी एक्सप्रेस में वर्तमान में प्रयुक्त पारंपरिक आईसीएफ (ICF) रेक के स्थान पर आधुनिक एलएचबी (LHB) रेक का स्थायी रूप से संचालन किया जाएगा।
क्या है एलएचबी कोच,क्या खास बात है इस कोच की
एलएचबी (LHB) अर्थात लिंके-होफमैन-बुश (Linke-Hoffmann-Busch) एक जर्मन कंपनी है। जिसने भारतीय रेलवे के लिए आधुनिक एलएचबी यात्री कोचों को विकास किया था। वर्तमान में इन कोचों का निर्माण भारत में कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्ट्री (RCF) में किया जाता है। एलएचबी कोच 160 से 200 किमी/घंटा तक की गति पर चलने में सक्षम है। ‘एंटी-टेलीस्कोपिक’ (anti-telescopic) तकनीकी से लैस होने कारण ट्रेन दुर्घटना की स्थिति में स्पीड अधिक होने के बावजूद डिब्बे एक-दूसरे के ऊपर नहीं चढ़ते, जिससे यात्रियों की सुरक्षा बढ़ जाती है। इन डिब्बों का निर्माण स्टेनलेस स्टील और एल्युमिनियम से होने के कारण यह पुराने आईसीएफ (ICF) कोचों की तुलना में काफी हल्के होते हैं।
एलएचबी कोच आधुनिक तकनीक से निर्मित हैं, जिससे यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और आरामदायक होती है। रेलवे का कहना है कि यात्रा के दौरान इन कोचों में झटके और कंपन कम महसूस होते हैं, जिससे लंबी दूरी की यात्रा अधिक सुगम बनती है। इन कोचों में शोर कम होता है तथा बेहतर सस्पेंशन प्रणाली होने के कारण यात्रियों को आरामदायक यात्रा अनुभव प्राप्त होता है। एलएचबी कोचों में बेहतर ब्रेकिंग प्रणाली एवं उन्नत कपलिंग व्यवस्था होने से ट्रेन का संचालन अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनता है।

