
Ayodhya News : युवक की संदिग्ध मौत मामले की जांच में जुटी पुलिस
अयोध्या। दर्द की शिकायत के बाद जिला अस्पताल लाए गए एक युवक ने इमरजेंसी ओपीडी के सामने ही दम तोड़ दिया। मामले को लेकर काफी देर तक हंगामा हुआ। मामले की जानकारी पर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की है और मौत की वजह की जानकारी के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है।
बताया गया कि नगर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाला 28 वर्ष दीपक कुमार पुत्र कामता प्रसाद रविवार की रात अपने दोस्तों से मिलने के लिए घर से निकला था। चर्चा है कि वह अपने दोस्तों के साथ मोहल्ले में ही बैठा हुआ था कि मध्य रात्रि बाद लगभग दो बजे उसको अचानक दर्द हुआ। इसके बाद उसके दोस्त उत्कर्ष ने उसको 2.27 बजे जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल पहुंचने पर इमरजेंसी ओपीडी के सामने ही वह लड़खड़ाकर गिरा और उसकी मौत हो गईं। चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसको मृत घोषित कर शव को मोर्चरी भिजवा दिया और पोस्टमार्टम के लिए मेमो नगर कोतवाली पुलिस को भिजवाया। इसी बीच मामले की खबर पर मृतक का भाई अंजनी कुमार और अन्य अस्पताल पहुंच गए और हंगामा शुरू हो गया। चर्चा है कि हादसे के दौरान युवक शराब के नशे में था। फिलहाल पुलिस इस संदिग्ध मौत की जांच पड़ताल में जुट गई है।
