
Crime News: रोजागांव चीनी मिल के पास ट्रैक्टर चालक पर चाकू से हमला, लूट के प्रयास का आरोप
अयोध्या। रुदौली कोतवाली क्षेत्र में रोजगांव चीनी मिल के पास एक ट्रैक्टर चालक पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर हाल में चालक को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने ट्रैक्टर लूटने के लिए हमले का आरोप लगाया है। मामले की खबर पर कोतवाली पुलिस पीड़ित को उपचार के लिए अस्पताल भेजवा जांच पड़ताल में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के ही भेलसर निवासी 30 वर्षीय अदनान पुत्र मुजफ्फुरूउल हक़ का कहना है कि वह बुधवार की रात ट्रैक्टर में डीजल भरवाने के लिए रौजागांव स्थित साइट पर गया था। उसका आरोप है कि रास्ते में रौजागांव चीनी मिल के पास कुछ लोगों ने उसका ट्रैक्टर को छीनने की कोशिश की। कोशिश सफल न होने पर
उस पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। हालांकि ट्रैक्टर नहीं छीन पाए। हल्ला गोहार पर आसपास के लोग एकत्र होने लगे तो हमलावर मौके से भाग निकले। हमले में उसके बाएं हाथ में गंभीर जख्म हुआ है। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घटना के बाद घायल अदनान को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रुदौली भेजवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने हालत गंभीर देख उसको आपरेशन और समुचित उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल प्रशासन का कहना है घायल अदनान को उपचार के लिए लाया गया है। उसके बाएं हाथ में कंधे के नीचे किसी धारदार हथियार से वार का गहरा घाव है। घायल को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
रुदौली कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य का कहना है कि मामले की खबर पर भेलसर चौकी प्रभारी युवराज सिंह के साथ मौका मुआयना किया है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजवा मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जांच में मिले साक्ष्य और पीड़ित की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
