
अयोध्या। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बड़े पैमाने पर थाना प्रभारियों और निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है। जारी तबादला सूची के अनुसार नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के कई महत्वपूर्ण थानों में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।
पुलिस विभाग में हुए इस प्रशासनिक बदलाव के तहत कोतवाली नगर, पूराकलंदर, इनायतनगर, महाराजगंज, रौनाही, तारुन और बीकापुर जैसे अहम थानों की कमान नए प्रभारियों को सौंपी गई है। वहीं कुछ को रिजर्व पुलिस लाइन भेजा गया है, जबकि पुलिस लाइन से कई अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर फील्ड में तैनात किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार अश्वनी कुमार पाण्डेय को प्रभारी निरीक्षक पूराकलंदर, मनोज कुमार शर्मा को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, राजेश सिंह को प्रभारी निरीक्षक इनायतनगर, लालचन्द्र सरोज को थानाध्यक्ष तारुन, देवेन्द्र सिंह को प्रभारी निरीक्षक महाराजगंज, देवेन्द्र पाण्डेय को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बीकापुर तथा रतन कुमार शर्मा को थानाध्यक्ष रौनाही बनाया गया है।
एसएसपी ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस महकमे में इस फेरबदल को अपराध नियंत्रण, बेहतर कानून-व्यवस्था और जनता के बीच पुलिस की सक्रियता बढ़ाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि नए थाना प्रभारियों के सामने अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, जनसुनवाई को मजबूत करने तथा आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। आने वाले दिनों में इन बदलावों का असर जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था पर देखने को मिल सकता है।

