रिश्तों का कत्ल: सगे भाई ने ही की पीट-पीट कर हत्या, घर में लगाई आग

Spread the love

फाइल फोटो, मृतक

रिश्तों का कत्ल: लकड़ी के वार से भाई ने कर दी भाई की हत्या, पिता को भी पीटा, घर में लगाई आग

गोंडा: गोंडा के वजीरगंज थानाक्षेत्र के सरायखत्री के जटमलपुर गांव में एक युवक ने अपने सगे भाई की लकड़ी के टुकड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने घर में आग लगा दी, जिसमें  एक भैंस भी गंभीर रूप से घायल हो गई। इतना ही नहीं भाई की हत्या करने से पहले उसने अपने पिता को भी पीटा। मामले की सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुँची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त सूचना के अनुसार जिले के वजीरगंज थानाक्षेत्र के जटमलपुर गांव निवासी भूल्लन के घर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो भूल्लन खेत में घायल अवस्था में पड़े कराह रहे थे, जबकि दरवाजे के पास उनकी घायल भैंस पड़ी थी। कुछ दूरी पर उनका 17 वर्षीय पुत्र अंकित बेसुध पड़ा मिला। ग्रामीणों ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के पिता भूल्लन ने बताया कि उनके बेटे अक्कू उर्फ हुलसी ने पहले उनकी पिटाई की, फिर घर में तोड़फोड़ कर आग लगा दी और छोटे बेटे अंकित पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी युवक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और वह अक्सर गांव में बदहवास घूमता रहता था। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मचा हुआ है। लोग परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं, जबकि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

वहीं घटना की जानकारी होते ही अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर वजीरगंज पुलिस को जरूरी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। इस संबंध में एएसपी राधेश्याम राय ने बताया कि दो सगे भाई अंकित और हुलसी के बीच हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल अंकित को वजीरगंज सीएचसी लाया गया जहाँ डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस संबंध में मृतक के पिता भूल्लन की तहरीर पर केस दर्जकर अंकित के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है व आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस अन्य विधिक कार्रवाई कर रही है।


Spread the love

Related posts