
परिवहन आयुक्त ने दिए दस्तावेजों के बेहतर रख रखाव और कमियों को तीन दिन में दूर करने के निर्देश
अयोध्या। परिवहन विभाग में आने वाले लोगों को मिल रही सुविधाओं की हकीकत परखने के लिए सोमवार को जनपद पहुंचे परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को परखा। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को तीन दिन के अंदर दूर कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।
परिवहन आयुक्त ने क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में विभिन्न पटल और नागरिकों को दी जा रही सेवाओं की समीक्षा भी की। इसके अलावा सारथी पोर्टल और वाहन पोर्टल पर लंबित आवेदनों को शून्य करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड रूम में दस्तावेजों के बेहतर रख रखाव और व्यवस्थित संधारण के लिए समय सीमा तय की जाए। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को परमिट और प्रवर्तन से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी तीन दिन में दुरुस्त करने के लिए आदेशित किया।

परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने कहा कि सुधार की गुंजाइश हमेशा रहती है और परिवहन विभाग अपनी जिम्मेदारियों को लेकर सजग रहेगा। ड्राइविंग टेस्टिंग की मशीनें मारुति सुजुकी की ओर से उपलब्ध कराई गई हैं, जबकि संचालन और भौतिक व्यवस्थाएं विभाग संभाल रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक ड्राइविंग प्रशिक्षण सुविधा की उपयोगिता कम है और मात्र ₹1000 शुल्क वाली इस व्यवस्था के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान चलाने की आवश्यकता है।
