14 कोसी परिक्रमा मार्ग बुलडोजर कार्रवाई: चौड़ीकरण पर बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासत गरमाई 

Spread the love

 

धरना प्रदर्शन करते सांसद अवधेश प्रसाद और सपा नेता

14 कोसी परिक्रमा मार्ग बुलडोजर कार्रवाई: चौड़ीकरण पर बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासत गरमाई 

प्रभावित परिवारों के समर्थन में समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने शुरू किया धरना-प्रदर्शन 

अयोध्या। 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर जनौरा नाका क्षेत्र में हुई बुलडोजर कार्रवाई के बाद सियासत तेज हो गई है। प्रभावित परिवारों के समर्थन में समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद धरने पर बैठ गए। प्रेस कांफ्रेंस के बाद सांसद ने जनौरा नाका स्थित कार्रवाई स्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों के साथ धरना दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

 

प्रभावित परिवारों के साथ पूर्व मंत्री तेज नारायण पाण्डेय ने सपा मुखिया से की मुलाकात  

बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित प्रीति चौहान, सपना राजपाल और पूनम गुप्ता ने लखनऊ में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई थी। पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय पवन के माध्यम से हुई इस मुलाकात में पीड़ित परिवारों ने कार्रवाई से जुड़ी अपनी व्यथा अखिलेश यादव के सामने रखी। इस पर अखिलेश यादव ने उन्हें आश्वासन देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ितों के साथ है।

प्रभावित परिवारों के साथ सपा मुखिया से मुलाकात करते पूर्व मंत्री

चौड़ीकरण को लेकर हुई कार्रवाई पर जिला प्रशासन ने रखा अपना पक्ष

इधर, 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर हुई कार्रवाई पर जिला प्रशासन ने अपना पक्ष रखा है। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि चौड़ीकरण की जद में आ रहे अतिक्रमण को हटाया गया है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई से पहले गठित कमेटी के माध्यम से सर्वे कराया गया था।

डीएम के मुताबिक कमेटी के सर्वे के बाद अतिक्रमण हटाने को लेकर संस्तुति दी गई थी। इसी संस्तुति के आधार पर आगे की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई हाईकोर्ट के निर्देश के बाद की गई है।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रभावित लोगों को मुआवजे के लिए वार्ता के लिए बुलाया गया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित मकान मालिकों की बात सुनी जा रही है। डीएम ने कहा कि प्रभावित लोगों को जल्द ही मुआवजा दिया जाएगा।

बुलडोजर कार्रवाई के बाद एक ओर जहां प्रभावित परिवार प्रशासन से राहत और मुआवजे की मांग कर रहे हैं, वहीं समाजवादी पार्टी ने उनके समर्थन में मोर्चा संभाल लिया है। ऐसे में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग चौड़ीकरण का मुद्दा प्रशासनिक कार्रवाई के साथ-साथ राजनीतिक बहस का विषय भी बन गया है।


Spread the love

Related posts