Ayodhya News: भेलसर चौराहे पर नाला बना मुसीबत, सड़क पर बह रहा गंदा पानी, राहगीर परेशान

Spread the love

रूदौली (अयोध्या)। अयोध्या जनपद में एक ओर नगर निगम स्वच्छता महाअभियान चलाकर शहर को स्वच्छ बनाने का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण इलाकों में जलभराव की समस्या से आमजन परेशान हैं। सड़कों और गलियों में भरे पानी से आवागमन प्रभावित हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

भेलसर चौराहे पर बने नाले की समुचित जल निकासी न होने के कारण नाला पूरी तरह भर गया है। हालत यह है कि चौराहे पर स्थित नामचीन होटलों के किनारे बनी सर्विस रोड पर नाले का गंदा और बदबूदार पानी बह रहा है, जिससे क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।

सड़क पर फैले गंदे पानी के कारण राहगीरों, स्थानीय दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बदबूदार पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने लगा है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी मंडरा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने मांग की है कि नाले की तत्काल सफाई कर जल निकासी की उचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि जलभराव और गंदगी से निजात मिल सके।

गौरतलब है कि जलभराव और खराब ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर अयोध्या जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो संबंधित विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


Spread the love

Related posts