
कार्यक्रम आयोजित कर प्रधानों ने सरकार का जताया आभार
बीकापुर, अयोध्या। ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ा कर उन्हें प्रशासक की जिम्मेदारी दिए जाने के प्रदेश सरकार के इस ऐतिहासिक फैसले को लेकर ग्राम प्रधानों में खुशी की लहर दौड़ गई है। इसी फैसले को लेकर ब्लॉक मुख्यालय के विकासखंड के अटल बिहारी वाजपेई सभागार में शुक्रवार को प्रधान संघ और ग्राम प्रधानों की ओर कार्यक्रम आयोजित कर सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान का ग्राम प्रधानों ने फूल माला पहनकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया और सरकार के प्रति आभार जताया गया। प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष विशाल सिंह के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई और फैसले को गांवों के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।
विधायक डॉक्टर अमित सिंह चौहान ने कहा कि ग्राम प्रधान सीधे गांव की गलियों और जनता से जुड़े होते हैं। इन्हें प्रशासक की जिम्मेदारी देना जनहित में साहसिक कदम है। गांवों में सड़क, नाली, इंटरलॉकिंग, पंचायत भवन, पेयजल और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य तेजी से चल रहे हैं। ऐसे समय में कार्यकाल बढ़ने से अधूरी परियोजनाओं को पूरा करने का अवसर मिलेगा और विकास की रफ्तार थमने नहीं पाएगी।
प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष विशाल सिंह ने कहा कि सरकार का यह निर्णय गांव के विकास एवं जनता के हित में लिया गया बड़ा फैसला है। इससे पंचायतों की योजनाओं में निरंतरता बनी रहेगी और गांवों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब प्रधान पहले से ज्यादा जिम्मेदारी और मजबूती के साथ गांवों के विकास में जुटेंगे। कार्यक्रम का अध्यक्षता प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष विशाल सिंह तथा संचालन पंकज सोनी ने किया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष पांडे राना, भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुनील मिश्रा, मेवा लाल वर्मा, प्रधान संघ के जिला सचिव मुकुल आनंद, उपाध्यक्ष विजय गौड़, सत्यनारायण गौड, अनिल तिवारी, अजय तिवारी, सूर्यभान यादव, मेवा लाल बर्मा, मुकेश निषाद, बजरंग प्रसाद, बृज कुमार यादव, संदीप सिंह सोनू, अनिल सिंह राजपूत, हेमंत यादव, मोहम्मद नफीस, अमर बहादुर चौरसिया, शशिकांत मिश्रा, अखिलेश सिंह सहित तमाम प्रधान शामिल रहे।

