Ayodhya News: युवक को जान-माल की धमकी का आरोप, ऑडियो रिकॉर्डिंग के साथ थाने में दी तहरीर

Spread the love

 

फोन पर धमकी से सहमा युवक, भीम आर्मी नेता पर हाथ-पैर तोड़ने और फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप

मिल्कीपुर अयोध्या। जनपद के थाना खंडासा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरवनपुर मजरे अटेसर में आपसी रंजिश को लेकर एक युवक को फोन पर जान-माल की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है।

पीड़ित ने स्थानीय थाने में शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। सरवनपुर निवासी कौशलेन्द्र कुमार पुत्र दिनेश कुमार ने आरोप लगाया है कि करीब 20 दिन पूर्व गांव में विजय कुमार पुत्र बुधराम व राधेश्याम पुत्र बाबादीन के बीच हुए विवाद के दौरान वह गांव के नाते विजय कुमार के पक्ष में खड़े थे। इसी बात को लेकर गांव के ही अजीत कुमार पुत्र माताफेर, जिन्हें पीड़ित ने भीम आर्मी से जुड़ा बताया है, उनसे रंजिश मानने लगे।

पीड़ित का आरोप है कि बीते लगभग 10 दिनों से अजीत कुमार उन्हें रास्ते में रोककर हाथ-पैर तोड़ने तथा फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दे रहे थे। कौशलेन्द्र कुमार के अनुसार, 28 मई 2026 को दोपहर करीब 12:50 बजे आरोपी ने मोबाइल पर फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और चौराहे पर बुलाकर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

कौशलेन्द्र का कहना है कि उन्होंने फोन पर समझाने का प्रयास करते हुए कहा कि उनका कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है, लेकिन आरोपित और अधिक आक्रोशित हो गया तथा धमकी देकर फोन काट दिया। पीड़ित ने दावा किया कि धमकी भरी कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है।

लगातार मिल रही धमकियों से भयभीत पीड़ित ने थाना खंडासा में शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है, जिससे किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इस संबंध में थाना प्रभारी खंडासा से बात किए जाने पर उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love

Related posts