
Ayodhya Crime News : पटरंगा पुलिस की कार्रवाई, चोरी के जेवर बेचकर खरीदी गई सेकेंड हैंड कार,अपाचे बाइक भी बरामद
अयोध्या। अपराध नियंत्रण और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पटरंगा पुलिस ने एक अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, चोरी के जेवर बेचकर खरीदी गई सेकेंड हैंड वरना कार और काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों से थाना पटरंगा और थाना इनायतनगर क्षेत्र में हुई चोरी कबूल की है।
एसपी देहात बलवंत चौधरी ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक पटरंगा शशिकान्त यादव की पुलिस टीम ने विजय बहादुर उर्फ कल्लू चौहान (34 वर्ष) निवासी ग्राम भीखनापुर मजरे चमरौली थाना दरियाबाद, जनपद बाराबंकी और राजू उर्फ दिनेश चौहान (36 वर्ष) निवासी ग्राम आल्हनमऊ थाना टिकैतनगर जनपद बाराबंकी को पकड़ा है। इनके निशानदेही पर पुलिस ने पटरंगा क्षेत्र से चोरी तीन छोटे-बड़े हार,तीन मोटी-पतली चैन,चार कंगन, आठ अंगूठियां,छह झुमकी,तीन झाला,एक माथ बिंदी,तीन लॉकेट, एक कान की कील तथा एक जोड़ी पायल बरामद की है। साथ ही चोरी के जेवर बेचकर खरीदी गई सफेद रंग की सेकेंड हैंड वरना कार और नई काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। जबकि थाना इनायतनगर से चोरी समान में एक जोड़ी पायल,एक नथिया और एक जोड़ी पाउजेब बरामद किया है।
बंद मकान को बनाया था निशाना
पुलिस के अनुसार 14 जून की रात ग्राम धमौरा निवासी रणबीर विक्रम सिंह के बंद पड़े मकान में इन्होंने हाथ साफ किया था। छत के रास्ते घर में घुस बक्से और अलमारी के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिया था। जबकि इन्होंने थाना इनायतनगर क्षेत्र में 22 मई और 23 मई की रात हुई चोरी कबूल की है। पकड़े गए विजय बहादुर उर्फ कल्लू के खिलाफ थाना टिकैतनगर में जुआ अधिनियम और राजू उर्फ दिनेश के खिलाफ थाना टिकैतनगर में चोरी,चोरी का माल रखने तथा जुआ अधिनियम से जुड़े कई मुकदमे दर्ज मिले हैं।
