
आग पर काबू पाने की मशक्कत में जुट फायर कर्मी
सूचना पर पहुंची फायर दस्ते ने पाया आग पर काबू
अयोध्या। नगर कोतवाली के ककरही मोहल्ले में शुक्रवार सुबह एक बंद मकान में पूजा के दीपक से आग लग गई। बंद मकान से तेज धुएं का गुबार और आग की लपटें निकलती दिखाई दी तो लोगों को अग्निकांड की जानकारी हुई। इसके बाद मामले की खबर पुलिस और अग्निशमन विभाग तथा परिवार को दी गई। मौके पर पहुंचे फायर दस्ते ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि इस दौरान घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान जल गया।
14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर नगर कोतवाली क्षेत्र में धारा रोड पर स्थित ककरही बाजार मोहल्ले में आलोक कुमार चौरसिया का मकान है। आलोक चौरसिया की पत्नी नीतू चौरसिया भवदीय पब्लिक स्कूल में बस कंडक्टर हैं। स्कूल में गर्मी की छुट्टी होने के कारण उनकी पुत्री ननिहाल में है और आलोक किसी काम से पड़ोसी जनपद बाराबंकी गए हुए थे। आलोक की पत्नी नीतू ही घर पर अकेले थीं। सुबह नीतू नहाने धोने के बाद पूजा-पाठ की और घर में दीपक जलाकर मकान में ताला बंद कर स्कूल के लिए निकल गई।
आशंका है कि इधर तेज हवा के झोंके अथवा किसी अन्य कारण से पूजा के दीपक से पूजा स्थल पर आग लग गई और दीपक के तेल ने इसको फैला दिया। धीरे धीरे आग ने घर में रखे बेड,कपड़े, अलमारी,बक्सा समेत अन्य घरेलू सामान को अपने चपेट में ले लिया और सारा सामान जलने लगा। धुएं का गुबार और आग की लपटें घर से बाहर निकलीं तो मोहल्ले वालों को आगजनी की जानकारी हुई।
इसके बाद पड़ोसियों ने मामले की जानकारी आलोक चौरसिया और उनकी पत्नी नीतू तथा पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। पुलिस के साथ अग्निशमन विभाग के कर्मी फायर टेंडर के साथ मौके पर पहुंचे और नीतू भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद आग पर काबू पाने की कवायद शुरू हुई। बड़े हादसे से बचाव के लिए रसोई गैस सिलेंडर को बाहर निकाला गया और आग पर काबू पाया गया। समय से जानकारी मिलने के कारण आसपास के मकान चपेट में आने से बच गए।
अग्निशमन केन्द्र प्रभारी प्रदीप पांडेय ने बताया कि मामले की जानकारी पर दो फायर टेंडर के साथ पहुंचे अग्निशमन दस्ते ने आग पर काबू पाया है। आशंका है कि पूजा के दीपक से आग लगी। फिलहाल मामले की जांच पड़ताल कराई जा रही है।

