
अयोध्या। रामनगरी के मौजा बाग बिजैसी स्थित पौराणिक कौशल्या कुंड और सुमित्रा कुंड को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग को लेकर हिंदू सुरक्षा सेवा ट्रस्ट ने शुक्रवार को जिलाधिकारी से मुलाकात की। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने प्रशासन से दोनों धार्मिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराकर उनके संरक्षण की मांग की है। इस दौरान ट्रस्ट की ओर से उच्च न्यायालय के आदेश का भी हवाला दिया गया।
हिंदू सुरक्षा सेवा ट्रस्ट के प्रमुख एवं हनुमानगढ़ी के पुजारी राजू दास ने बताया कि कौशल्या कुंड और सुमित्रा कुंड का धार्मिक और पौराणिक महत्व है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा इन स्थलों की भूमि पर अतिक्रमण किया गया है, जिससे इनका अस्तित्व प्रभावित हो रहा है। ट्रस्ट की ओर से लंबे समय से अतिक्रमण हटाने की मांग की जा रही है।
राजू दास ने कहा कि मामले को उच्च न्यायालय के समक्ष भी प्रस्तुत किया गया था। न्यायालय ने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया है कि वह मौके का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे। साथ ही पौराणिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराकर उनके संरक्षण की व्यवस्था की जाए।
इसी क्रम में शुक्रवार को ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की ताकि दोनों कुंडों की धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान सुरक्षित रह सके।
राजू दास के अनुसार जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि जिला प्रशासन मामले को गंभीरता से ले रहा है। प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए जल्द ही स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा और अतिक्रमण हटाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

