
Sabzi Mandi Shop Demolition: सब्जी मंडी के प्रभावित दुकानदारों से मिले पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय, डीएम के सामने रखी मुआवजे और वैकल्पिक स्थान की मांग
अयोध्या। पूर्व मंत्री एवं समाजवादी पार्टी नेता तेज नारायण पांडेय ‘पवन’ ने सब्जी मंडी चौक पहुंचकर हाल में हटाई गई दुकानों से प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात की। उन्होंने दुकानदारों की समस्याएं सुनीं और उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद प्रभावित दुकानदारों के साथ अयोध्या के जिलाधिकारी से मुलाकात कर उनकी मांगों को प्रमुखता से रखा।

पूर्व मंत्री ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर मांग की है कि जिन दुकानदारों की दुकानें हटाई गई हैं, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही उनके रोजगार को दोबारा स्थापित करने के लिए स्थायी और उपयुक्त वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि प्रभावित दुकानदार सम्मानपूर्वक अपना व्यवसाय फिर शुरू कर सकें और परिवार का भरण-पोषण कर सकें।
तेज नारायण पांडेय ‘पवन’ ने आरोप लगाया कि प्रभावित दुकानदार लंबे समय से सब्जी मंडी चौक में कारोबार कर रहे थे और कई परिवारों की कई पीढ़ियां इसी व्यवसाय से जुड़ी रही हैं। उन्होंने कहा कि दुकानों के हटाए जाने के बाद प्रभावित लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित दुकानदारों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने की मांग की।
पूर्व मंत्री ने प्रदेश सरकार की कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लोगों के घर और दुकानें हटाने से पहले उनके पुनर्वास और रोजगार की वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने भाजपा सरकार पर लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित करने का आरोप लगाया और कहा कि जनता आगामी विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सरकार बनने का दावा भी किया।
सपा प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में महानगर महासचिव हामिद जाफर मीसम, राष्ट्रीय महासचिव अधिवक्ता सभा शावेज जाफरी एडवोकेट, राकेश यादव, शादाब खान, संजीत सिंह, नूर बाबू, जीशान खान, सोहराब, युवराज समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
