Ayodhya News: घर में घुसकर मारपीट का आरोप, चार आरोपियों पर केस दर्ज

Spread the love

बीकापुर। कोतवाली क्षेत्र के मलेथू कनक गांव में घर में घुसकर मारपीट करने और तोड़फोड़ करने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मलेथू कनक निवासी भगवान सिंह ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गांव के ही रिंकू सिंह, टोनी सिंह, मोनी सिंह और सोनू सिंह से उनका पुराना पारिवारिक एवं पट्टीदारी विवाद चल रहा है। आरोप है कि 18 मई की रात करीब साढ़े आठ बजे रिंकू सिंह और सोनू सिंह लाठी-डंडा तथा लोहे की रॉड लेकर उनके घर में जबरन घुस आए। घर में प्रवेश करते ही दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर भगवान सिंह तथा उनकी पत्नी मालती सिंह के साथ मारपीट करने लगे।

पीड़ित के अनुसार शोरगुल सुनकर उनका पुत्र और बहू बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस घटना में पुत्र और बहू को गंभीर चोटें आईं, जबकि मालती सिंह को सबसे अधिक चोट लगी है। परिजनों ने घायलों का उपचार कराया है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी दो मोटरसाइकिलों को क्षतिग्रस्त कर दिया और छहरदीवारी भी गिरा दी। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धमकी और तोड़फोड़ समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love

Related posts