
2027 Election: अयोध्या पहुंचते ही हरीश द्विवेदी का भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
रानीमऊ से अयोध्या-बस्ती सीमा तक जगह-जगह हुआ अभिनंदन, बुलडोजर से फूलों की बारिश
अयोध्या। भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के प्रथम अयोध्या आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। अयोध्या-बाराबंकी सीमा रानीमऊ से लेकर अयोध्या-बस्ती सीमा तक विभिन्न स्थानों पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। जगह-जगह आयोजित स्वागत कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रानीमऊ में रुदौली विधायक रामचंद्र यादव और मवई ब्लॉक प्रमुख राजीव तिवारी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हरीश द्विवेदी का जोरदार अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया और पार्टी के समर्थन में नारे लगाए।
इसके बाद रौनाही टोल प्लाजा पर पूर्व विधायक खब्बू तिवारी के नेतृत्व में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां हरीश द्विवेदी का अनोखे अंदाज में स्वागत किया गया। बुलडोजर से उन पर फूलों की बारिश की गई। इस दौरान उन्हें एक कुंतल की विशाल माला पहनाई गई और गदा भेंट कर सम्मानित किया गया। स्वस्ति वाचन के बीच हुए इस कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी।

अयोध्या शहर में प्रवेश के बाद सहादतगंज-जनौरा बूथ नंबर चार के पास भी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। पूरे मार्ग पर कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश नजर आया।
स्वागत से अभिभूत हरीश द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटेगा। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के साथ केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
हरीश द्विवेदी ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया।
