अरविंद केजरीवाल का अयोध्या दौरा: बोले अयोध्या के संत-कहा, अरविंद केजरीवाल का अयोध्या दौरा केवल राजनीति से प्रेरित
अयोध्या। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के अयोध्या प्रस्तावित दौरे को लेकर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं।अयोध्या के संतों ने उनके प्रस्तावित दौरे पर आपत्ति जताई है और कहा कि उनका यह अयोध्या दौरा पूरी तरह से राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित है। साथ ही उन्होंने कहा कि इन दिनों राम मंदिर मामले में एसआईटी जांच चल रहे है ऐसे में उनका अयोध्या आना यहाँ के माहौल को खराब करने कि साजिश लग रही है, लिहाजा जांच पूरी होने और उसके निष्कर्ष बाद अयोध्या आयें। इस बयान के बाद अयोध्या की राजनीति और धार्मिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास का कहना है कि आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के संभावित अयोध्या दौरे को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि जो राम और राम मंदिर पर प्रश्नचिन्ह उठाते थे, जो राम को काल्पनिक कहते थे, आज उनको राम मंदिर कि इतनी चिंता क्यों हो गई। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों बाद जब राम मंदिर बन गया तो लोग राजनीति कर रहे है।

वहीं तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने कहा कि आस्था के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अरविन्द केजरीवाल रामलला का दर्शन करने नहीं बल्कि गंदी राजनीति करने आ रहे है, जिसे संत समाज कभी की स्वीकार नहीं करेगा।
बता दें कि संत समाज के अलावा सनातन रक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुंद माधव त्रिपाठी ने भी अरविंद केजरीवाल के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को केवल राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित बताया है। उन्होंने बुधवार को संगठन के पदाधिकारियों के साथ क्षेत्राधिकारी अयोध्या के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए उनके अयोध्या आगमन पर आपत्ति जताई है।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा प्रकरण पर एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट अभी लंबित है, ऐसे में केजरीवाल का अयोध्या आगमन राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि अयोध्या आस्था और श्रद्धा का केंद्र है तथा इसे राजनीतिक मंच के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल द्वारा 26 जून को अयोध्या आने की बात कही गई है, जिसके मद्देनजर यह ज्ञापन सौंपा गया है।
उन्होंने प्रशासन से कानून-व्यवस्था और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। बता दें कि आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवार का 26 जून को अयोध्या दौरा प्रस्तावित है, इस दौरान वह रामलला का दर्शन पूजन करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

