
राम मंदिर पर हमले की साजिश! एनआईए और एटीएस की टीम ने कर्नाटक से सुहैल नामक युवक को किया गिरफ्तार, यूपी पुलिस को साझा की गई जानकारी
पकड़े गए युवक की छानबीन और अन्य जानकारियां जुटाने में जुटी पुलिस
राम मंदिर पर बम से हमले की साजिश! यूपी पुलिस और एजेंसियों का दावा, एनआईए व एटीएस की टीम ने कर्नाटक से उत्तर प्रदेश निवासी युवक को पकड़ा
अयोध्या। राम मंदिर में दान की कथित चोरी और हेराफेरी की सरगर्मी के बीच एक चौंकाने वाली खबर सामने आईं है। सुरक्षा एजेंसियों और यूपी पुलिस ने दावा किया है कि राम मंदिर पर बम से हमला करने की साजिश रची जा रही थी। प्रकरण में कर्नाटक प्रांत के दावणगेरे जिले से एक पेंटर को पकड़ा है। जिसकी पहचान उत्तर प्रदेश निवासी सुहैल के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार एनआईए और एटीएस की संयुक्त टीम ने कर्नाटक से सहारनपुर जिले के गंगोह थाना क्षेत्र के लखनौती गांव निवासी 20 वर्षीय युवक सुहैल को पकड़ा है। एजेंसियों का कहना है कि इसके मोबाइल से पाकिस्तान के नंबर, संदिग्ध व्हाट्सएप ग्रुप,हथियारों के साथ फोटो मिले हैं। पकड़ा गया सुहैल कर्नाटक में पेंटर का काम कर रहा था और यह लोग राम मंदिर को बम से उड़ाने की साजिश में जुटे थे।
सुरक्षा एजेंसियों ने चार जून को दो संदिग्ध आतंकियों जमीर खान को कर्नाटक के दावणगेरे और 24 वर्षीय अल्ला बख्श को तुमकुरु से गिरफ्तार किया था। पकड़े गए इन संदिग्ध आतंकियों से पूछताछ और जांच पड़ताल के दौरान मिले सुराग के आधार पर एनआईए और एटीएस की टीम ने छापेमारी कर सुहैल की गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सोहेल के बारे में जानकारी उत्तर प्रदेश पुलिस को भेजी है।
कर्नाटक के गृह मंत्री ने दी सफाई
मामले को लेकर गृहमंत्री प्रियांग खरगे ने अब पकड़े गए उत्तर प्रदेश निवासी पेंटर सुहैल और 4 जून को पकड़े गए दोनों संदिग्ध आतंकियों के बीच किसी सीधे संबंध से इनकार किया है। उनका कहना कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं दावणगेरे के पुलिस अधीक्षक एचटी शेखर ने बताया कि पकड़े गए युवक सुहैल के संबंध पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठनों से मिले हैं।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि वह सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए आतंकियों समूहों के संपर्क में था। यह मामला तुमकुरु जिले में सामने आए मामले जैसा प्रतीत होता है लेकिन तथ्यों की पुष्टि के लिए और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। एक सूचना यह भी मिली है कि 10 लोगों का एक समूह कर्नाटक में दाखिल हुआ है। जिसकी गहराई से जांच कराई जा रही है।

