
राष्ट्रव्यापी चरणबद्ध आंदोलन: पेट्रोल-डीजल, गैस और स्मार्ट मीटर के विरोध में बहुजन मुक्ति पार्टी का प्रदर्शन, राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा
अयोध्या। बहुजन मुक्ति पार्टी (बीएमपी) द्वारा केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी चरणबद्ध आंदोलन के तहत रविवार को अयोध्या में जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, महंगी घरेलू एवं कॉमर्शियल गैस तथा स्मार्ट मीटर व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था पारदर्शी नहीं है और इससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बिजली बिल का बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटरों के माध्यम से निजी कंपनियां जनता का आर्थिक शोषण कर रही हैं। साथ ही घरेलू गैस, कॉमर्शियल गैस तथा पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को आम जनता, किसानों, मजदूरों, छात्रों और छोटे कारोबारियों के लिए गंभीर समस्या बताया।

ज्ञापन में स्मार्ट मीटर व्यवस्था को समाप्त कर पारदर्शी मीटर लगाए जाने, कथित रूप से अधिक वसूले गए बिजली बिल की राशि उपभोक्ताओं को वापस करने, घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) की कीमत 400 रुपये तथा कॉमर्शियल गैस सिलेंडर (19 किलोग्राम) की कीमत 700 रुपये निर्धारित करने की मांग की गई। इसके अलावा गैस की कालाबाजारी रोकने, प्रभावित होटल-ढाबा संचालकों को मुआवजा देने तथा पेट्रोल और डीजल की कीमतों को क्रमशः 90 और 80 रुपये प्रति लीटर करने की मांग भी उठाई गई।
बीएमपी नेताओं ने बताया कि आंदोलन तीन चरणों में आयोजित किया गया। पहले चरण में 12 मई को स्मार्ट मीटर के विरोध में “लालटेन भेंट” धरना, दूसरे चरण में 20 मई को महंगी गैस के विरोध में “चूल्हा जलाओ” धरना तथा तीसरे चरण में 31 मई को पेट्रोल-डीजल की कीमतों के विरोध में “दे धक्का आंदोलन” आयोजित किया गया।
इस दौरान रामधारी दिनकर, प्रमोद कुमार भारती (मंडल अध्यक्ष, बीएमपी), शोभा बौद्ध, सुखमती, विमला, रामनिवास यादव, श्यामजी मौर्य, बाबूरामदेव, आशीष पटेल, रामभवन, विनोद कुमार, आशाराम, विजय कुमार, दयाशंकर, पूनम कौशल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

