
अयोध्या। जेष्ठ माह के तृतीय मंगलवार के अवसर पर सिविल लाइन स्थित पत्रकार चौराहे पर भव्य शरबत एवं आइसक्रीम वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को शीतल शरबत और आइसक्रीम वितरित की गई।
आयोजन स्थल पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।कार्यक्रम का शुभारंभ हनुमान जी महाराज के विधिवत पूजन-अर्चन के साथ वरिष्ठ पत्रकार रुपेश श्रीवास्तव ने किया। पूजन के बाद श्रद्धालुओं के बीच शरबत एवं आइसक्रीम वितरण शुरू हुआ। आयोजन में वरिष्ठ पत्रकार अजय श्रीवास्तव ‘अज्जू’ सहित जनपद के तमाम पत्रकारों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और सेवा कार्य में सहयोग किया।
कार्यक्रम में शहर के कई जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के नेताओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पहुंचकर सेवा कार्य में भाग लिया। महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय, प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, विधायक अभय सिंह विधायक वेद प्रकाश गुप्ता,भाजपा नेता अमल गुप्ता तथा पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता, महंत राजूदास, जिला पंचायत प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित, कांग्रेस नेता राजेंद्र प्रताप सिंह, डिपुल पांडेय, बबलू खान सहित अन्य गणमान्य लोगों ने श्रद्धालुओं को अपने हाथों से शरबत वितरित किया।आयोजन स्थल पर दिनभर श्रद्धालुओं, राहगीरों की आवाजाही बनी रही।
गर्मी से राहत देने वाले इस सेवा कार्यक्रम की लोगों ने सराहना की। आयोजकों ने बताया कि जेष्ठ माह के मंगलवार को धार्मिक आस्था एवं जनसेवा की भावना से यह आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग सहभागिता करते हैं।कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने हनुमान जी महाराज के जयकारे लगाए और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। आयोजकों के अनुसार हजारों लोगों ने शरबत एवं आइसक्रीम का प्रसाद ग्रहण किया।

