जलन में हुई थी बीकापुर के किन्नर की हत्या,साथ काम करने वाले तीन साथी गिरफ्तार

Spread the love

अयोध्या। बीकापुर कोतवाली क्षेत्र में किन्नर अभिषेक दुबे उर्फ रिंकी मिश्रा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रयुक्त कार, बाइक, मोबाइल फोन और जेवरात समेत कई सामान बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार हत्या की वजह आपसी जलन और ईर्ष्या थी।

एसपी देहात बलवंत चौधरी ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि मामले के खुलासे के लिए बीकापुर पुलिस, सर्विलांस सेल और एसओजी टीम को लगाया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने नुवावा गांव के पास से अंशू मौर्या निवासी सरायखर्गी, विजय ढोलकिया निवासी हथिगो और नताशा किन्नर निवासी बस्ती को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ईको कार, मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन, कैंची, दो डंडे तथा सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। इनमें सात सोने की अंगूठियां, कड़ा, चूड़ा, पायल, बिछिया और ब्रेसलेट शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक मृतक अभिषेक दुबे उर्फ रिंकी मिश्रा ने 10 मई को अपना जन्मदिन बेहद भव्य तरीके से मनाया था। उसकी शानो-शौकत और आर्थिक स्थिति को देखकर आरोपी उससे जलन रखने लगे थे। इसी वजह से आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और कीमती सामान लूटकर अधमरी हालत में सड़क किनारे फेंक दिया।

गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।


Spread the love

Related posts