
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो: अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चमके अयोध्या के पारंपरिक उत्पाद, जलेबी और पेड़े को मिली ट्रेड शो में लोकप्रियता
ट्रेड शो में लाखों का मुनाफा और विदेशी ऑर्डर भी मिले
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं, विशेषकर एक जिला एक व्यंजन (ओडीओसी) तथा ओडीओपी योजना और जिला उद्योग केंद्र के सक्रिय सहयोग से अयोध्या के छोटे उद्यमियों ने हाल ही में नोएडा में आयोजित ट्रेड शो में बड़ी सफलता हासिल की है। स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के प्रयासों का परिणाम अब साफ नजर आने लगा है। पूनम सिंह इम्ब्रॉयडरी एंड कॉच, मौर्य स्वीट्स भंडार और मौर्य स्वीट्स एंड कैफे जैसे स्थानीय उद्यमों ने ट्रेड शो में न सिर्फ अच्छी कमाई की, बल्कि अमेरिका, ब्रिटेन और दुबई के खरीदारों से सीधी मुलाकात भी की।
जिला उपायुक्त उद्योग प्रभात रंजन शुक्ला के अनुसार उद्यमियों ने कहा कि पहले उन्हें इतने बड़े प्लेटफॉर्म तक पहुंचने का अवसर आसानी से नहीं मिलता था। योगी सरकार की ओडीओसी व ओडीओपी, योजना, एमएसएमई प्रोत्साहन और प्रशासनिक सहयोग ने उन्हें न सिर्फ मंच दिया, बल्कि मुनाफा और नेटवर्किंग का भी मौका दिया। अब वे उम्मीद जता रहे हैं कि इसी तरह के और अवसर मिलते रहेंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और युवाओं को स्वरोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
ट्रेड शो में चाहत बनी कुल्हड़ वाली दही जलेबी
ओडीओसी योजना के तहत मौर्य स्वीट्स भंडार के प्रोप्राइटर दीप नारायण मौर्य ने कुल्हड़ वाली दही जलेबी के साथ भाग लिया। उनके स्टॉल का रोजाना 35 से 40 हजार रुपये का टर्नओवर रहा। ट्रेड शो के दूसरे दिन से ही घरेलू खरीदारों के साथ विदेशी बायर्स ने अयोध्या की पारंपरिक कुल्हड़ वाली दही जलेबी का स्वाद चखा। विदेशी खरीदारों को उद्यम के बारे में जानकारी दी गई, संपर्क नंबर दिए गए और राम मंदिर दर्शन के साथ अयोध्या आने का निमंत्रण भी दिया गया।
जिला स्तर पर उद्यमिता विकास को मिली प्राथमिकता
ओडीओसी योजना के ही तहत मौर्य स्वीट्स एंड कैफे की प्रोप्राइटर पम्मी मौर्य ने पेड़ा के साथ भाग लिया। उन्होंने बताया कि ट्रेड शो में भागीदारी से प्रदेश ही नहीं, बल्कि अन्य देशों से आए प्रतिभागियों में भी उनके उत्पादों के प्रति विशेष रुचि दिखाई गई। इसका सीधा लाभ अयोध्या के स्थानीय उद्यमियों को मिल रहा है।
ट्रेड शो में अयोध्या की रही बल्ले बल्ले, लोगों ने मांगी फ्रेंचाइजी
नोएडा के ट्रेड शो में अयोध्या के ओडीओसी उत्पादों की बल्ले बल्ले रही। मौर्य स्वीट्स भंडार के प्रोप्राइटर दीप नारायण मौर्य ने बताया कि उन्हें करीब 15 लोगों ने उनके उत्पादों की फ्रेंचाइजी या सहयोग की मांग की। इससे पहले वे राष्ट्रीय फूड फेयर में भी भाग ले चुके हैं। ट्रेड शो में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का सहयोग मिला तथा हर स्तर पर क्वेरी का त्वरित समाधान मिला। वहीं पम्मी के पेड़े को लेकर भी अलग अलग देशों से आये उद्यमियों ने दिलचस्पी दिखाई है।
पूनम के कपड़ों की रही डिमांड, विदेशी बॉयर्स संग हुई मीटिंग
पूनम सिंह इम्ब्रॉयडरी एंड कॉच की प्रोप्राइटर पूनम सिंह ने बताया कि उनके स्टॉल पर चिकनकारी के कपड़ों की खासी डिमांड रही। ट्रेड शो में उन्हें अच्छा एक्सपोजर मिला। अमेरिकी, ब्रिटिश और दुबई के बायर्स से मीटिंग हुई। जयपुर और दिल्ली के मॉल मैनेजरों का भरपूर सहयोग मिला, जिससे उनके माल के ऑर्डर भी प्राप्त हुए। इस ट्रेड शो से उन्हें करीब पांच लाख रुपये का मुनाफा हुआ। उन्होंने जिला उद्यम एवं प्रोत्साहन केंद्र अयोध्या का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं के कारण उन्हें इस तरह का बाजार मिल रहा है और आगे भी मिलता रहे।
ट्रेड शो में 25 नए डीलरों और स्टार्टअप से संपर्क, 10 से 12 कारोबार की लीड मिली
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में अयोध्या की Highflow Industries को कारोबार विस्तार के लिए नए अवसर मिले हैं। ट्रेड शो के दौरान कंपनी ने करीब 20 से 25 नए डीलरों और स्टार्टअप से मुलाकात की। सभी संभावित खरीदार घरेलू बाजार से जुड़े रहे। इन मुलाकातों के जरिए कंपनी को कारोबार से संबंधित करीब 10 से 12 नई लीड मिली हैं, जिससे आने वाले समय में कारोबार बढ़ने की उम्मीद है।कंपनी के प्रतिनिधि राशिद के अनुसार, ट्रेड शो घरेलू बाजार में नए कारोबारी संपर्क बनाने और उत्पादों को नए खरीदारों तक पहुंचाने का प्रभावी मंच साबित हुआ। अलग-अलग क्षेत्रों से आए डीलरों और स्टार्टअप के साथ हुई बातचीत में उत्पादों की मांग, बाजार की संभावनाओं और कारोबारी साझेदारी को लेकर चर्चा हुई। ट्रेड शो के दौरान स्थानीय प्रशासन की ओर से भी सहयोग मिला।
आयोजकों और हॉल प्रबंधन की व्यवस्थाओं को कंपनी ने बेहतर बताया। कंपनी के प्रतिनिधि राशिद के अनुसार, व्यवस्थित प्रबंधन और प्रशासन के सहयोग से कारोबारियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने तथा संभावित खरीदारों से सीधे संवाद का अवसर मिला। कंपनी ने बताया कि नए डीलरों और स्टार्टअप से बने संपर्कों को आगे कारोबारी रिश्तों में बदलने पर काम किया जाएगा। ट्रेड शो से मिले नए संपर्क और लीड कंपनी के कारोबार के विस्तार में मददगार साबित हो सकते हैं।
