Rajnath Singh Ayodhya: योगी फिर सरकार बनाएं तो प्रदेश के सभी विद्यालयों में पढ़ाया जाए वैदिक गणित-राजनाथ सिंह

Spread the love

Rajnath Singh Ayodhya: योगी फिर सरकार बनाएं तो प्रदेश के सभी विद्यालयों में पढ़ाया जाए वैदिक गणित-राजनाथ सिंह

अयोध्या। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को अयोध्या के रानोपाली स्थित उदासीन आश्रम में आयोजित गुरु पर्व महोत्सव में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने संतों का आशीर्वाद लिया और अयोध्या की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर विस्तार से विचार व्यक्त किए।

राजनाथ सिंह ने कहा कि अयोध्या केवल एक भौगोलिक स्थान नहीं, बल्कि चेतना, संस्कृति और सभ्यता का केंद्र है। भगवान श्रीराम ने अयोध्या की धरती को पवित्र किया और यहीं से धर्म, न्याय तथा मर्यादा का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचा। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में शासन व्यवस्था और सनातन व्यवस्था दोनों उत्कर्ष की ओर बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि यदि योगी आदित्यनाथ दोबारा सरकार बनाते हैं तो वह उनसे आग्रह करेंगे कि प्रदेश के सभी विद्यालयों में वैदिक गणित की पढ़ाई शुरू कराई जाए। राजनाथ सिंह ने वैदिक गणित की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए संस्कृत को देव भाषा और आध्यात्म की भाषा बताया। उन्होंने कहा कि वैदिक गणित की अपनी विशिष्ट पद्धति है और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में भी वैदिक गणित पढ़ाई जाती है।

अयोध्या पहुंचने पर रक्षा मंत्री ने हनुमानगढ़ी और श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वह रानोपाली स्थित उदासीन आश्रम पहुंचे, जहां संतों ने उनका माल्यार्पण कर अंगवस्त्र भेंट करते हुए स्वागत किया।

राजनाथ सिंह ने श्री नारायण संस्कृत महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन का भी अवलोकन किया और भवन को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। हालांकि, आचार संहिता लागू होने के कारण वह भवन का औपचारिक उद्घाटन नहीं कर सके।

राम मंदिर आंदोलन में संतों के योगदान को याद करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि संतों ने आंदोलन के दौरान जेल की यातनाएं सहीं और अनेक लोगों ने बलिदान दिया। उनके त्याग और संघर्ष को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में संत समाज की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।


Spread the love

Related posts