
63वीं बटालियन CRPF अयोध्या स्वच्छता अभियान: CRPF ने अयोध्या में चलाया वृहद स्वच्छता अभियान, विद्याकुंड में की सफाई
अयोध्या। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 63वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत अयोध्या में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। एयरपोर्ट रोड स्थित चांदपुर हरवंश में तैनात 63वीं बटालियन के कमांडेंट श्री सतीश कुमार दुबे के नेतृत्व में अधिकारियों और जवानों ने अभियान में भाग लिया।

अभियान की शुरुआत जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर से हुई। CRPF के अधिकारियों और जवानों के साथ विद्यालय के शिक्षकों व विद्यार्थियों ने परिसर, खेल मैदान और आसपास के क्षेत्रों में सफाई की। इस दौरान जगह-जगह बिखरे कचरे को एकत्र कर उसका सुरक्षित निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी देते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।

इसके बाद 63वीं बटालियन का दल अयोध्या के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले विद्याकुंड पहुंचा। यहां जवानों ने कुंड के जल में उतरकर सफाई अभियान चलाया। जल से प्लास्टिक की बोतलें, पॉलीथिन, बिस्किट व चिप्स के पैकेट, गुटखे की पन्नियां, चाय के ग्लास और पूजा सामग्री समेत अन्य कचरा बाहर निकाला गया। इसके अलावा कुंड में जमी काई और घास की सफाई तथा उगे जंगली पौधों की कटाई की गई। घाटों के आसपास भी विशेष सफाई अभियान चलाकर परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर 63वीं बटालियन CRPF के कमांडेंट सतीश कुमार दुबे ने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य ने CRPF के अधिकारियों और जवानों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियानों से विद्यार्थियों में श्रमदान, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।
संयुक्त स्वच्छता अभियान से स्थानीय लोगों में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता अभियान की निरंतरता बनाए रखने और अपने आसपास के परिवेश को साफ रखने का संकल्प लिया।
