शराब तस्कर गिरफ्तार: 315 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, हरियाणा से बिहार ले जा रहे दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

शराब तस्कर गिरफ्तार: 315 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, हरियाणा से बिहार ले जा रहे दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

अयोध्या। रौनाही थाना पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 24 गत्तों में रखी 672 बोतल/शीशी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 314.97 लीटर बताई गई है। शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक वैगनार कार को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधों की रोकथाम और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार, 21 सितंबर 2026 को रौनाही थाना पुलिस कांटा चौराहे पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की वैगनार कार से दो लोग लखनऊ की तरफ से अवैध अंग्रेजी शराब लेकर बिहार की ओर जा रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर मुबारकगंज के पास लिंक रोड पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद लखनऊ की ओर से सफेद रंग की वैगनार कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोककर उसमें सवार दोनों लोगों से पूछताछ की। उनकी पहचान वीरेन्द्र मौर्या (27) पुत्र राम दरश मौर्या, निवासी दरघाट परमेश्वरपुर, थाना चिलुआताल, गोरखपुर और भोला निषाद (23) पुत्र विजयभान निषाद, निवासी मानीराम परमेश्वरपुर, थाना चिलुआताल, गोरखपुर के रूप में हुई।

कार की तलाशी लेने पर उसमें 24 गत्तों में विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक बरामद शराब में रॉयल ग्रीन, ब्लेंडर्स प्राइड और सिग्नेचर ब्रांड शामिल हैं। कुल 672 बोतल/शीशी में 314.97 लीटर शराब बरामद हुई।

पूछताछ में पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने बताया कि वे हरियाणा से अंग्रेजी शराब कार में लादकर बिहार ले जाते थे और वहां उसे अधिक कीमत पर बेचते थे। कार के आवश्यक प्रपत्र प्रस्तुत न किए जाने पर उसे धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बरामद शराब और वाहन को थाना रौनाही में दाखिल किया। मामले में मु0अ0सं0 412/2026, धारा 318(4), 319(2) बीएनएस और 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी वीरेन्द्र मौर्या के खिलाफ गोरखपुर जिले के विभिन्न थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि भोला निषाद का इस मामले के अलावा कोई अन्य आपराधिक इतिहास पुलिस ने बताया नहीं है।

बरामदगी

  • 24 गत्तों में 672 बोतल/शीशी अवैध अंग्रेजी शराब
  • कुल मात्रा 314.97 लीटर
  • वैगनार कार नंबर MH31FE8306

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम

कार्रवाई में रौनाही थानाध्यक्ष रतन कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक अमर बहादुर पटेल, उपनिरीक्षक आलोक कुमार सिंह समेत कांस्टेबल सूर्य प्रताप सिंह, आकाश कुमार, संतोष चौहान, अमित कुमार और अंश चौहान शामिल रहे।


Spread the love

Related posts