Loot Case Ayodhya: लूट की वारदात का खुलासा , तीन आरोपी गिरफ्तार;नकदी, मोबाइल, डीएल और पेनकार्ड बरामद

Spread the love

 

Loot Case Ayodhya: लूट की वारदात का खुलासा , तीन आरोपी गिरफ्तार;नकदी, मोबाइल, डीएल और पेनकार्ड बरामद

बीकापुर, अयोध्या। तारुन थाना क्षेत्र में 16 सितंबर को हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 2170 रुपये, मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस, पेनकार्ड और होम्योपैथिक दवा बरामद करने का दावा किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी बीकापुर दिनेश गोदारा के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तारुन पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को थाना तारुन क्षेत्र में वादी से मोबाइल फोन, रुपये, पेनकार्ड, एटीएम, ड्राइविंग लाइसेंस और होम्योपैथिक दवा लूटने की घटना सामने आई थी। घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

जांच के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश की। इसके साथ ही सर्विलांस, सीडीआर और त्रिनेत्र एप की मदद से संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई। तलाश और चेकिंग के दौरान पुलिस ने नीरज दुबे, बबलू और सूरज को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में नीरज दुबे पुत्र सभाजीत दुबे, निवासी सोनवर्षा, थाना महाराजगंज, उम्र करीब 23 वर्ष; बबलू पुत्र राजवन्त, निवासी सोनवर्षा, थाना महाराजगंज, उम्र करीब 20 वर्ष और सूरज पुत्र राधेश्याम, निवासी सोनवर्षा, थाना महाराजगंज, उम्र करीब 19 वर्ष शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के 2170 रुपये, मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस, पेनकार्ड और होम्योपैथिक दवा बरामद की है। पुलिस के अनुसार नीरज दुबे के खिलाफ पूर्व में महाराजगंज थाने में मारपीट और धमकी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा तीनों आरोपियों के खिलाफ तारुन थाने में लूट और बरामदगी से संबंधित मुकदमा मु0अ0सं0 340/26, धारा 309(3)/317(2) बीएनएस दर्ज है।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेजा जा रहा है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक लालचन्द्र सरोज, उपनिरीक्षक रितेश सिंह, उपनिरीक्षक अरुण पटेल, कांस्टेबल मोहित कुमार, अनुराग कुमार, दिनेश पाल, गम्भीर सिंह, सोनू यादव, शिवानन्द और आशीष यादव शामिल रहे।


Spread the love

Related posts