
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना: शिक्षकों और उनके आश्रित परिवारों को सीएम योगी की सौगात, मिलेगा यह लाभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा से की मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना की शुरुआत
लखनऊ। प्रदेश की योगी सरकार ने शिक्षकों और उनके आश्रित परिवारों को बड़ी सौगात दी है। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना की शुरुआत की है, इस योजना के तहत उच्च शिक्षा विभाग के 1.28 लाख से अधिक शिक्षक लाभान्वित होंगे। योजना के तहत अब पात्र शिक्षकों को सूचीबद्ध सरकारी और प्राइवेट चिकित्सालयों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिल सकेगी। योजना का संचालन SACHIS के माध्यम से किया जाएगा। उपचार के लिए आयुष्मान भारत की निर्धारित दरें लागू होंगी।
मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के विश्वविद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों, स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों और स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को कवर करेगी। इसके तहत हर पात्र परिवार को प्रतिवर्ष पांच लाख तक का कैशलेस मेडिकल कवर मिलेगा। जिसमें अस्पताल में भर्ती होने, उपचार, दवाइयों और डिस्चार्ज तक का खर्च शामिल रहेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से शुरू की गई इस योजना में सूचीबद्ध सरकारी और प्राइवेट चिकित्सालयों कैंसर, हृदय रोग, किडनी संबंधी बीमारियां, जटिल सर्जरी सहित 1900 से अधिक रोगों का उपचार शामिल है। इस योजना की शुरुआत होने से शिक्षकों को समय पर बेहतर इलाज के साथ आर्थिक रूप से मजबूती भी मिलेगी। प्रदेश सरकार का कहना है कि यह पहल शिक्षकों के स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
