
बसपा प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन: धार्मिक माहौल में शुरू हुआ बसपा का प्रबुद्ध जन सम्मेलन
प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने 2027 में सरकार बनाने का किया दावा
बीकापुर अयोध्या। बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की ओर से प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बसपा के पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू की ओर से आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण और शंखनाद के साथ हुई। कार्यक्रम में परशुराम की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण किया गया।

कार्यक्रम में बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वैदिक आचार्यों द्वारा किए गए शंखनाद के बीच कार्यक्रम का आगाज हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने का दावा किया गया। विश्वनाथ पाल ने दावा किया कि प्रबुद्ध वर्ग के करीब 8 से 10 हजार लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

अपने संबोधन में विश्वनाथ पाल ने कहा कि ब्राह्मण समाज के लोग पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू को आशीर्वाद देने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे हैं। जितेंद्र सिंह बबलू की संभावित उम्मीदवारी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि टिकट की घोषणा जल्द होगी। उन्होंने मायावती का आशीर्वाद मिलने के संकेत का भी उल्लेख किया।
बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने मिल्कीपुर उपचुनाव का जिक्र करते हुए आजाद समाज पार्टी के प्रदर्शन पर सवाल उठाए और चंद्रशेखर आजाद पर निशाना साधा। उन्होंने पीडीए को लेकर भी अपनी पार्टी का रुख सामने रखा और इसे अपने शब्दों में ‘धोखा’ बताया। इस दौरान उन्होंने बैकलॉग भर्ती, ठेकेदारी में आरक्षण और प्रमोशन में आरक्षण जैसे मुद्दे उठाए।
विश्वनाथ पाल ने संविधान को लेकर कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान को ईमानदारी से लागू किया जाएगा और संविधान में दी गई व्यवस्थाओं को लागू करने की बात कही।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि वर्ष 2027 में पार्टी बड़ी संख्या में सीटें जीतकर 2007 के तर्ज पर सरकार बनाने का प्रयास करेगी। कार्यक्रम के दौरान बसपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पार्टी के पक्ष में नारे भी लगाए।
वही इस सब के बीच पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू ने कहा कि हमें आप नेता ना समझे बल्कि अपना भाई समझे और अपना बेटा समझ इसके साथ ही उन्होंने मंच से ब्राह्मण समाज को यह भरोसा दिलाया कि अगर एक बार मौका देते हैं तो मैं हमेशा आपकी सेवा में तत्पर रहूंगा।
बीकापुर में आयोजित यह कार्यक्रम आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बसपा के प्रबुद्ध वर्ग से संवाद के तौर पर देखा गया। हालांकि, उम्मीदवारों के नाम और टिकट को लेकर अंतिम घोषणा पार्टी नेतृत्व की ओर से होना बाकी है।

