
Chandrashekhar Azad: अयोध्या पहुंचे चंद्रशेखर आजाद, कंदेला गांव में मृतक राम लगन मौर्य के परिजनों से की मुलाकात
अयोध्या। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद अयोध्या दौरे के दूसरे दिन रविवार को पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के कंदेला गांव पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व में हुए बम और गोलीकांड में मृतक राम लगन मौर्य के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और उनका हाल जाना।
चंद्रशेखर आजाद के कंदेला गांव पहुंचने की सूचना पर स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई। गांव में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
बताया गया कि राम लगन मौर्य पूर्व में हुए बम और गोलीकांड में घायल हुए थे। बाद में उनकी मृत्यु हो गई थी। हाल ही में राम लगन मौर्य की माता का भी निधन हो गया। इसी को लेकर चंद्रशेखर आजाद परिवार से मुलाकात करने और शोक संवेदना व्यक्त करने उनके घर पहुंचे।

मुलाकात के दौरान उन्होंने परिजनों से घटना और परिवार की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दौरान गांव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल मौजूद रहा।
चंद्रशेखर आजाद का अयोध्या दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब राम लगन मौर्य प्रकरण को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा बनी हुई है। उनके कंडेला गांव पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में भी रुचि देखी गई।
