
राजभाषा कीर्ति पुरस्कार 2026: सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को मिला प्रथम राजभाषा कीर्ति पुरस्कार, अमित शाह ने प्रदान की राजभाषा शील्ड
अयोध्या। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग की ओर से नवी मुंबई में 14-15 सितंबर को आयोजित अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को राजभाषा के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए प्रथम राजभाषा कीर्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई राजभाषा शील्ड बैंक के एमडी एवं सीईओ कल्याण कुमार ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से प्राप्त की। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार मौजूद रहे।बैंक के अनुसार यह सम्मान राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन, हिंदी के प्रचार-प्रसार और राजभाषा नीति के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता के लिए किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।
सम्मेलन के दौरान बैंक की द्विभाषीय गृह पत्रिका ‘सेंट्रलाइट’ के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रकाशित विशेष ‘विरासत अंक’ का विमोचन भी किया गया। राजभाषा विभाग के राज्यमंत्री नित्यानंद राय, बंदी संजय कुमार और राजभाषा सचिव अंशुली आर्य ने इसका विमोचन किया। विशेषांक में बैंक की विरासत, विकास यात्रा और संस्थागत मूल्यों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। बैंक की ओर से सम्मेलन में 115 वर्षों की यात्रा पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें बैंक की विरासत, नवाचार, राजभाषा के क्षेत्र में उपलब्धियों और विकास यात्रा को विभिन्न मॉडलों व प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक महेंद्र दोहरे, मुख्य महाप्रबंधक-राजभाषा कुशल पाल, सहायक महाप्रबंधक-राजभाषा हितेंद्र धूमाल समेत देशभर में तैनात बैंक के राजभाषा अधिकारियों ने सहभागिता की।
