
स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026: गोसाईंगंज के महादेवा घाट पर चला विशेष स्वच्छता अभियान, चेयरमैन ने किया श्रमदान
गोसाईंगंज, अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई दामोदर दास मोदी के जन्मदिवस एवं विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत नगर पंचायत गोसाईगंज में विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया।

इस दौरान चेयरमैन डॉ0विजयलक्ष्मी जायसवाल की अगुवाई में मंदिर परिसर की सफाई के साथ-साथ महादेवा घाट क्षेत्र में नदी से जलकुंभी हटाने का अभियान भी चलाया गया।इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. विजयलक्ष्मी जायसवाल ने कहा कि मठ मंदिर हमारी जीवनशैली और आस्था का महत्वपूर्ण अंग हैं। इसी के साथ हमारी नदियों और घाटों की स्वच्छता भी उतनी ही आवश्यक है। सीमित संसाधनों के बावजूद नगर पंचायत द्वारा समय-समय पर स्वच्छता अभियान एवं जनहित के कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं। नदी की व्यापक सफाई के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र भी प्रेषित किया गया है और शीघ्र ही बड़े स्तर पर सफाई अभियान प्रारंभ किया जाएगा। कहा कि महादेवा घाट, चौरासी कोस परिक्रमा का पड़ाव होने के साथ-साथ गोसाईगंज के लिए ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण स्थल बनने की दिशा में अग्रसर है। आने वाले समय में यहां मेला एवं अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों से स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। इससे छोटे दुकानदारों, ठेला-पटरी व्यवसायियों एवं स्थानीय स्वरोजगार से जुड़े लोगों को नए अवसर मिल सकते हैं।

अभियान में सभासद रविंद्र यादव, कालीचरण वर्मा, मंडल मंत्री राजन सोनी, बजरंग चौरसिया,बूथ अध्यक्ष चट्टान सोनकर, राकेश तिवारी सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने श्रमदान किया।
