घोड़वल में बनेगा NSG सेंटर, केंद्र सरकार को भेजा गया प्रस्ताव

Spread the love

NSG सेंटर के लिए चिन्हित जमीन
घोड़वल में बनेगा NSG सेंटर, केंद्र सरकार को भेजा गया प्रस्ताव

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास 65 एकड़ जमीन चिन्हित, अयोध्या समेत पूर्वी यूपी में वीआईपी सुरक्षा को मिलेगी मजबूती

मिल्कीपुर, अयोध्या। रामनगरी अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। जिले की मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र में नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) सेंटर स्थापित किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए घोड़वल गांव के पूरे लाल खां में करीब 65 एकड़ बंजर भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव शासन के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजा गया है।

प्रस्तावित स्थल पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के समीप स्थित है। यही वजह है कि सुरक्षा के लिहाज से इस स्थान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि करीब चार महीने पहले राजस्व विभाग की टीम ने यहां उपलब्ध बंजर भूमि का सर्वे कर 65 एकड़ जमीन को चिन्हित किया था। इसके बाद दिल्ली से आए NSG के अधिकारियों ने भी प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जमीन के साथ-साथ सड़क संपर्क और आसपास के क्षेत्र की स्थिति का भी जायजा लिया था।

अयोध्या की सुरक्षा के लिए अहम कदम

राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में वीआईपी और वीवीआईपी आवागमन लगातार बढ़ा है। ऐसे मौकों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए NSG के जवानों की तैनाती की आवश्यकता होती है। वर्तमान में सुरक्षा बलों को दिल्ली से बुलाना पड़ता है। ऐसे में अयोध्या के नजदीक NSG सेंटर स्थापित होने से सुरक्षा व्यवस्था को स्थानीय स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद है।

एक्सप्रेसवे से कई जिलों तक आसान पहुंच

प्रस्तावित सेंटर की सबसे बड़ी विशेषता इसका पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के करीब होना माना जा रहा है। यहां से अयोध्या शहर तक कम समय में पहुंचा जा सकेगा। इसके अलावा लखनऊ, वाराणसी, रायबरेली सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों और बिहार के कुछ हिस्सों में भी जरूरत पड़ने पर सुरक्षा बलों की आवाजाही आसान हो सकती है।

उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा ने बताया कि NSG सेंटर के निर्माण के लिए 65 एकड़ भूमि चिन्हित करके शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। अब आगे की कार्रवाई राज्य सरकार के स्तर से की जानी है।

वहीं, क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर पीयूष पाल ने बताया कि तहसील क्षेत्र में NSG सेंटर की स्थापना के लिए भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में प्रस्ताव मांगा गया था। राजस्व विभाग ने भूमि को चिन्हित कर दिया है। सेंटर की स्थापना होने के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।


Spread the love

Related posts