गोसाईगंज, अयोध्या। गोसाईगंज क्षेत्र के महबूबगंज चौराहे से पहले मुख्य सड़क पर स्थित रजवाहा पुलिया के चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए लगभग 67 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।
पुलिया के चौड़ा होने से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से राहत मिलेगी, साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी हद तक कम हो जाएगी।
बताया जाता है कि यह पुलिया नहर निर्माण के समय बनाई गई थी और इसकी उम्र लगभग 50 वर्ष से अधिक हो चुकी है। समय के साथ क्षेत्र की आबादी और वाहनों की संख्या में लगातार वृद्धि होने के कारण यह पुलिया संकरी साबित होने लगी थी।
स्थिति यह थी कि एक समय में केवल एक ही वाहन पुलिया से गुजर पाता था, जिससे महबूबगंज चौराहे पर अक्सर भीषण जाम लग जाता था और आवागमन प्रभावित होता था।
विशेष रूप से श्रृंगी ऋषि मेले सहित अन्य धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती थी। श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को घंटों जाम में फंसना पड़ता था। स्थानीय लोग लंबे समय से पुलिया के चौड़ीकरण की मांग कर रहे थे।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी उर्फ खब्बू तिवारी, गजेंद्र पांडेय तथा बृजेश त्रिपाठी के प्रयासों से इस परियोजना को मंजूरी मिल सकी। बजट स्वीकृत कराने और निर्माण कार्य को गति दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
गौरतलब है कि यह मार्ग ऐतिहासिक 84 कोसी परिक्रमा के पुराने रास्ते का हिस्सा भी रहा है। वर्तमान में 84 कोसी परिक्रमा मार्ग महबूबगंज बाजार के बाईपास से होकर गुजरता है, फिर भी इस सड़क का महत्व बना हुआ है। पुलिया के चौड़ीकरण से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ बाहर से आने वाले यात्रियों को भी बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।
निर्माण कार्य शुरू होने पर क्षेत्र के उदयभान गुप्ता, आजम खान, माता गुलाम सहित कई ग्रामीणों ने खुशी जताई है। उन्होंने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा और यह परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

