
Multipurpose Sports Complex: खेल दिवस पर अयोध्या में स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का शिलान्यास, एक साल में होगा तैयार
बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कुश्ती से लेकर जिम्नेशियम और टेबल टेनिस की होगी सुविधा
अयोध्या। रामनगरी में खिलाड़ियों को आधुनिक और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। वशिष्ठ कुंड वार्ड में करीब 17 करोड़ 83 लाख 81 हजार रुपये की लागत से मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। करीब 4684 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनने वाले इस स्पोर्ट्स कांप्लेक्स को एक साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
शनिवार को खेल दिवस और मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने वैदिक विधि-विधान से भूमि पूजन कर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का शिलान्यास किया।
महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि योगी सरकार में खेल सुविधाओं के विकास पर लगातार काम किया जा रहा है। अयोध्या में आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनने से शहर के खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिलेगा। इससे नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कहा कि मेजर ध्यानचंद की जयंती और खेल दिवस पर खिलाड़ियों के लिए यह बड़ी सौगात है। स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के निर्माण से अयोध्या के युवाओं को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।
इन खेलों की मिलेगी सुविधा….
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय के मुताबिक, मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत बनने वाले इस स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में भवन का निर्माण करीब 3064 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में होगा। इसमें बेसमेंट, भूतल और प्रथम एवं द्वितीय तल के साथ टेरेस का भी निर्माण किया जाएगा।
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में बास्केटबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, कुश्ती कोर्ट, जिम्नेशियम, टेबल टेनिस हॉल और बहुउद्देशीय हॉल की सुविधा होगी। इसके अलावा कॉन्फ्रेंस रूम, कैफेटेरिया एवं किचन, कोच रूम, कार्यालय, शौचालय, लिफ्ट और सीढ़ियों की व्यवस्था भी रहेगी। परिसर में चार पहिया और दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा भी विकसित की जाएगी।

खेल जगत की 10 हस्तियां सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान खेल के क्षेत्र में योगदान देने वाले 10 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें बास्केटबॉल कोच चंदेश्वर पांडेय, वॉलीबॉल के शिवेंद्र सिंह और अनुज मिश्रा, कबड्डी के मुकेश निषाद, एथलेटिक्स के गोलू मौर्य, क्रिकेट के रंगेशमणि त्रिपाठी, बैडमिंटन के अनूप दुबे, हॉकी के राजेश श्रीवास्तव, वॉलीबॉल के सालिकराम यादव और एथलेटिक्स की नीतू गुप्ता शामिल रहीं।
वशिष्ठ फाउंडेशन की ओर से साइकिलिंग में प्रतिभा दिखा रही 15 वर्षीय किशोरी बेबी को स्वर्गीय अमित सिंह अश्मित सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान स्वरूप उसे 11 हजार रुपये का चेक दिया गया।
कार्यक्रम में उपसभापति संतोष सिंह, पार्षद रंजना यादव, विनय जायसवाल, रमाशंकर निषाद, सूर्यकुमार तिवारी, चंदन सिंह, हरिश्चंद्र गुप्ता, अभिनव पांडेय समेत नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और खेल जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।
