
Kandailla Murder Case: कन्दैला हत्याकांड में एडीजी लखनऊ की बड़ी कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश
अयोध्या। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कन्दैला गांव में जमीन के पुराने विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष के बाद पुलिस-प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को एडीजी लखनऊ प्रवीण कुमार ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया।
एडीजी ने परिवार से कहा कि इस कठिन समय में पुलिस उनके साथ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। एडीजी के निरीक्षण के दौरान पूराकलंदर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया।

एडीजी ने एसएसपी अयोध्या डॉ. गौरव ग्रोवर को फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाकर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, ताकि दोषियों को जल्द सजा दिलाई जा सके।
जानिए क्या था पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार कन्दैला गांव में जमीन के पुराने विवाद को लेकर मंगलवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। विवाद के दौरान एक पक्ष की ओर से राम लगन मौर्य के सिर में गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच पहले भी मारपीट और आगजनी की घटनाएं हो चुकी हैं। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान एडीजी लखनऊ प्रवीण कुमार के साथ डीआईजी सोमेन वर्मा, एसएसपी अयोध्या डॉ. गौरव ग्रोवर और सीओ सिटी श्रेयस त्रिपाठी सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
