Women Crime News: महिला संबंधी अपराध में दो गिरफ्तार, एक ने शादी का झांसा देकर और दूसरे ने अगवा कर किया दुष्कर्म
अयोध्या। नगर कोतवाली पुलिस ने महिला संबंधी अपराध में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक पर सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और दूसरे पर युवती को अगवाकर शारीरिक शोषण का आरोप है। दोनों का मेडिकल और डीएनए परीक्षण करवा चालान किया गया है।
नगर कोतवाली पुलिस का कहना है कि कोतवाली क्षेत्र के सब्जी मंडी हैदरगंज निवासी 24 वर्षीय अखिलेश गुप्ता के खिलाफ पीड़िता की ओर से सोशल मीडिया पर संपर्क बना शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और धमकी आदि का आरोप लगाया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की थी। विवेचना में जुटी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में उसका मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया है।
वहीं एक युवती को अगवा कर उसके शारीरिक शोषण के मामले में भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लखीमपुर जनपद के धौरहरा थाना क्षेत्र स्थित सपरा जुगनूपुर निवासी 21 वर्षीय रामबाबू के खिलाफ युवती को अगवा करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। विवेचना में यह बात साबित हुई कि अगवा कर युवती का शारीरिक शोषण किया गया। जिसके चलते आरोपी को गिरफ्तार कर उसका मेडिकल और डीएनए परीक्षण करवा चालान किया गया है।
