Kanwariya Road Accident: नेपाल निवासी कांवरिया को वाहन ने मारी टक्कर, गंभीर घायल
अयोध्या। प्रयागराज हाईवे पर एक वाहन ने एक कांवरिया को टक्कर मार दी। दुर्घटना में कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल लाए जाने के बाद डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज रेफर किया है।
बताया गया कि पड़ोसी देश नेपाल से श्रद्धालुओं का एक जत्था कांवर लेकर निकला था। सभी अपने वाहन से निकले थे और शनिवार को प्रयागराज से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान इनका वाहन प्रयागराज हाईवे पर बीकापुर कोतवाली क्षेत्र में पिपरी जलालपुर के पास रुका। वाहन पर सवार से कांवरिया नेपाल देश के बारा जनपद स्थित चिउटहा थाना क्षेत्र के भिटनिया निवासी बनारसी यादव पुत्र बाबू लाल वाहन से उतरकर सड़क किनारे जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक वाहन ने बनारसी को अपने चपेट में ले लिया। बनारसी का दोनों पैर वाहन की चपेट में आ गया।
गंभीर हाल में घायल को उसके बेटे रोहित यादव ने शाम को जिला अस्पताल पहुंचाया तो उसकी हालत गंभीर देखते हुए इमरजेंसी ड्यूटी कर रहे डॉक्टर वीरेंद्र वर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल को दर्शननगर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल प्रशासन का कहना है कि अग्रिम विधिक कार्रवाई और जांच पड़ताल के लिए मेमो नगर कोतवाली पुलिस को भिजवाया गया है।
