Crime News: अदालत के आदेश पर लूट और टप्पेबाजी के दो आरोपियों का पैनल से हुआ मेडिकल
अयोध्या। स्वास्थ्य विभाग ने अदालत के आदेश पर शनिवार को लूट और टप्पेबाजी के दो आरोपियों का दो डाक्टरों के पैनल से मेडिकल परीक्षण कराया है। मेडिकल रिपोर्ट अदालत में प्रस्तुत करने के लिए विवेचक तथा अन्य को दी है।
नगर कोतवाली पुलिस ने सस्ते में सोने चांदी के जेवरात देने का झांसा देकर टप्पेबाजी और लूट की एक वारदात में शुक्रवार की भोर 4.14 बजे रायबरेली रोड पर उसरू नहर के पास एम.बी. पब्लिक स्कूल के सामने से सूरज राय 24 वर्ष निवासी पयागपुर मसूदपुर चौराहा थाना पयागपुर जिला बहराइच,मोहन राय 45 वर्ष व करन राय 20 वर्ष निवासीगण बहादुरपुर थाना बसरेहर जनपद इटावा,राजू राय 20 वर्ष निवासी राजेपुर थाना दही चौकी जनपद उन्नाव और पिंकी देवी 55 वर्ष निवासी राजेपुर थाना दही जनपद उन्नाव को गिरफ्तार किया था। इनके पास से लूट की रकम समेत दो लाख पांच हजार रुपए,वारदात में प्रयुक्त दो तमन्चा व चार कारतूस बरामद किया था और सभी का दर्ज मुकदमें में बरामदगी की धारा बढ़ा जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया था।
रिमांड के दौरान आरोपी करन राय और सूरज राय ने सीजेएम के समक्ष पुलिस पर नागपंचमी के दिन पकड़ने और पुलिस लाइन स्थित एसओजी कार्यालय में रखकर पिटाई का आरोप लगाया था। अदालत में अपनी चोट भी दिखाई थी। जिसपर सीजेएम ने सीएमओ को दोनों आरोपियों का दो डाक्टरों के पैनल से मेडिकल करवा मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया था। अदालत के आदेश पर शनिवार को डॉ वीरेंद्र वर्मा और डॉ आशीष श्रीवास्तव ने दोनों का मेडिकल परीक्षण किया।
