
सपा सांसद का सरकार पर हमला: राम मंदिर चढ़ावा चोरी और अंबेडकरनगर की घटना को लेकर अवधेश प्रसाद का सरकार पर हमला
अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी की फाइनल रिपोर्ट को लेकर सियासी घमासान के बीच सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने अंबेडकरनगर में आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 91 वर्षीय मां की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर प्रदेश सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। अयोध्या के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद ने दोनों मामलों को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी की फाइनल रिपोर्ट में चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा को क्लीन चिट दिए जाने पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि सरकार भले ही किसी को बचा ले, लेकिन मामला प्रभु श्रीराम के दरबार से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है और इस प्रकरण से अयोध्या की छवि भी प्रभावित हुई है।
सांसद ने दावा किया कि उन्होंने इस मुद्दे को लगातार सदन में उठाया और प्रधानमंत्री से भी निष्पक्ष जांच की अपेक्षा की थी। उन्होंने धार्मिक ग्रंथों का हवाला देते हुए कहा कि जब-जब धर्म की हानि होती है, तब कोई न कोई शक्ति सामने आती है। उनका कहना था कि जिम्मेदार लोग हमेशा बच नहीं पाएंगे।
इसी प्रेस वार्ता में अवधेश प्रसाद ने अंबेडकरनगर में आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 91 वर्षीय मां की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मुद्दा भी उठाया। सांसद ने आरोप लगाया कि बुजुर्ग महिला की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि महिला के मुंह में तौलिया ठूंसे जाने की बात सामने आई है, जिससे हत्या की आशंका पैदा होती है।
अवधेश प्रसाद ने कहा कि यदि महिला के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं तो फिर इसे केवल हार्ट अटैक से हुई मौत कैसे माना जा सकता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और जल्द जांच की मांग करते हुए प्रदेश सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।
सपा सांसद ने योगी सरकार के जीरो टॉलरेंस के दावे पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार हर स्तर पर विफल साबित हो रही है। सांसद ने कहा कि बुजुर्ग महिला की मौत का जल्द से जल्द खुलासा होना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
अवधेश प्रसाद ने चेतावनी दी कि यदि मामले का शीघ्र खुलासा नहीं हुआ तो वह डीआईजी कार्यालय पर धरना देंगे। उन्होंने सरकार से मांग की कि घटना की जांच में किसी भी तरह की लापरवाही न हो और परिवार को न्याय दिलाया जाए।
दो अलग-अलग मामलों को लेकर सपा सांसद के हमलावर तेवरों से प्रदेश की सियासत गरमा गई है। एक तरफ राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की एसआईटी रिपोर्ट को लेकर विपक्ष सरकार पर सवाल उठा रहा है, वहीं दूसरी ओर अंबेडकरनगर में बुजुर्ग महिला की मौत को लेकर भी निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।
