
अवध विश्वविद्यालय के 31वें दीक्षांत समारोह में निहारिका श्रीवास्तव सम्मानित
अयोध्या। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के 31वें दीक्षांत समारोह का आयोजन राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की मौजूदगी में किया गया। समारोह में कुल 1 लाख 66 हजार 55 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं।
दीक्षांत समारोह के साथ ही विश्वविद्यालय में विगत कई दिनों से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा था। इन कार्यक्रमों में वृक्षारोपण सहित सामाजिक एवं शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। लीला हरि फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रमों तथा दीक्षांत समारोह से जुड़े विभिन्न आयोजनों में विशेष योगदान के लिए कुमारी निहारिका श्रीवास्तव, पुत्री स्वर्गीय हरि मोहन श्रीवास्तव एवं श्रीमती लीला श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया।
अवध विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विजेंद्र सिंह ने निहारिका श्रीवास्तव को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की। सम्मान मिलने पर निहारिका ने विश्वविद्यालय प्रशासन एवं लीला हरि फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त किया।
विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को सामाजिक सरोकारों, पर्यावरण संरक्षण तथा शैक्षिक गतिविधियों से जोड़ना रहा। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।
