
श्रीराम राखी महोत्सव: राम की राखी महोत्सव 25 से, पांच हजार स्वयंसेवक करेंगे सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ
डिप्टी सीएम होंगे मुख्य अतिथि, 27 अगस्त को निकलेगी श्रीराम की राखी शोभायात्रा
अयोध्या। सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में श्रृंगी ऋषि बाबा महोत्सव सेवा संस्थान के संस्थापक महंत सीताराम दास महाराज और अध्यक्ष सुभाष सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि तीन दिवसीय राम की राखी महोत्सव 25 से 27 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों से सजे महोत्सव में 25 अगस्त को मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शामिल होंगे।
25 अगस्त को सुबह आठ बजे गणपति पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन से शुभारंभ होगा। 8:30 बजे भगवती पूजन, नौ बजे श्रीराम राखी पूजन, शंखनाद, स्वस्तिवाचन, मयूर नृत्य और सरयू पूजन होगा। 9:45 बजे चुनरी अर्पण व दुग्धाभिषेक के साथ मयूर नृत्य होगा। 10:20 बजे पांच हजार स्वयंसेवक सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। 11 बजे श्रीराम की भव्य आरती और दोपहर 12 बजे संतों द्वारा श्रीराम के चरित्र पर आशीर्वचन दिए जाएंगे। शाम सात बजे भजन संध्या और 8:30 बजे फरवाही नृत्य होगा।
26 अगस्त को विभिन्न विद्यालयों के बच्चे भगवान श्रीराम और उनकी बहन शांता जी के जीवन पर आधारित नाटक प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद चित्रकला और रामलला रंगोली प्रतियोगिता होगी। शाम को भजन संध्या और बधावा नृत्य का आयोजन होगा।
27 अगस्त को श्री सत्यनारायण व्रत कथा के बाद सुबह 10 बजे एक हजार महिलाओं द्वारा दुरिदुरिया पूजन किया जाएगा। इसके बाद श्रीराम की राखी शोभायात्रा निकलेगी। शाम को भजन संध्या, धोबिया या राई नृत्य और भंडारे का आयोजन होगा संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि श्रृंगी ऋषि बाबा महोत्सव सेवा संस्थान पंजीकृत सामाजिक-सांस्कृतिक एवं धार्मिक संस्था है। संस्था अब तक 132 ग्राम सभाओं और 43 देवस्थलों में सफाई अभियान चला चुकी है। रक्तदान, जरूरतमंदों की सहायता और गरीब-असहाय बच्चियों के विवाह में सहयोग जैसे सामाजिक कार्य भी किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मां शांता देवी की ओर से 10 अगस्त 2014 से रामलला को रक्षाबंधन पर राखी अर्पित करने की परंपरा निभाई जा रही है। पिछले तीन वर्षों से इसे रक्षाबंधन महोत्सव का स्वरूप दिया गया है। संस्था का उद्देश्य धर्म-संस्कृति के संरक्षण के साथ लोक संस्कृति, संस्कार और पर्यटन को बढ़ावा देना है।
संस्था में उपाध्यक्ष शमशेर खान व शरद यादव, संरक्षक उदयभान गुप्ता, राष्ट्रीय संरक्षक प्रदीप जायसवाल, राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष शशि प्रभा सिंह, राष्ट्रीय संगठन मंत्री अंजली सिंह, राष्ट्रीय महासचिव श्रीराम मूर्ति सिंह तथा विशाल सिंह और मधुबन सिंह समेत अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।
