Ram Mandir : राममंदिर और सनातन आस्था के मुद्दे पर राजनीति कर रहा विपक्ष : गिरीश पति त्रिपाठी

Spread the love

Ram mandir : संसद के बाहर विपक्ष के प्रदर्शन को महापौर ने बताया नौटंकी

अयोध्या। संसद परिसर के बाहर बिहार के सांसद पप्पू यादव की अगुवाई में सपा समेत विपक्षी दलों के प्रदर्शन को अयोध्या के महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने राजनीतिक नौटंकी करार दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की बढ़ती लोकप्रियता और जनसमर्थन से विपक्ष बौखला गया है। सत्ता हासिल करने के लिए विपक्ष अनर्गल आरोप लगाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है। महापौर ने कहा कि संसद देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था है, जहां जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन विपक्ष बार-बार हंगामा कर संसद का बहुमूल्य समय बर्बाद कर रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पेपर लीक जैसी गंभीर समस्या पर रोक लगाने के लिए कड़ा कानून बनाया है, जिससे देशभर के युवाओं और छात्रों में विश्वास बढ़ा है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण और उससे जुड़े विकास कार्यों से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास मजबूत हुआ है।

महापौर ने संसद परिसर में भगवा वस्त्र पहनकर किए गए विपक्षी प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सनातन संस्कृति और रामभक्तों की भावनाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन आस्था और धार्मिक प्रतीकों को राजनीति का माध्यम बनाना उचित नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लगातार हिंदू समाज और सनातन परंपराओं को लेकर नकारात्मक राजनीति कर रहा है। महापौर ने कहा कि जनता ऐसी राजनीति को समझ रही है और आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी व विपक्षी दलों को इसका तगड़ा जवाब देगी।


Spread the love

Related posts