
अवैध खनन पर प्रशासन का चाबुक: तालाब पर आधी रात छापेमारी में पोकलैंड, जेसीबी और तीन डंपर सीज
बीकापुर। तहसील क्षेत्र के देवसिया पारा गांव में अवैध खनन के काले कारोबार पर प्रशासनिक टीम ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं के मंसूबों पर पानी फेर दिया। आधी रात को प्रशासनिक अमले द्वारा की गई इस अचानक छापेमारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई के दौरान तालाब की जमीन पर अवैध रूप से खनन में लगी एक पोकलैंड मशीन, एक जेसीबी और मिट्टी ढोने में इस्तेमाल किए जा रहे तीन डंपरों को रंगे हाथों पकड़कर सीज कर दिया गया। हालांकि, अंधेरे और प्रशासनिक टीम की भनक मिलते ही खनन में लिप्त सभी आरोपी गाड़ियां छोड़कर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
स्थानीय निवासियों और ग्राम प्रधान के अनुसार, देवसिया पारा गांव के पास स्थित एक प्राचीन तालाब में पिछले कई दिनों से भू-माफियाओं द्वारा रात के सन्नाटे में भारी-भरकम मशीनों से अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा था। इस गैरकानूनी काम से पूरे गांव के लोगों और ग्राम प्रधान में भारी आक्रोश सुलग रहा था।
रात जैसे ही माफियाओं ने पोकलैंड और जेसीबी चलाकर फिर से खुदाई शुरू की, सजग ग्रामीणों ने बिना देर किए तुरंत इसकी सूचना उपजिलाधिकारी बीकापुर को दे दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार रामखेलावन व हल्का लेखपाल सुशील शर्मा की अगवाई में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने रात करीब 11 बजे छापेमारी की कार्रवाई की।
नायब तहसीलदार रामखेलावन ने पूरी कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि सार्वजनिक तालाब की सुरक्षित भूमि पर पूरी तरह अवैध तरीके से खुदाई की जा रही थी। मौके से जब्त की गई सभी भारी मशीनों को कब्जे में ले लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए खनन विभाग को औपचारिक सूचना भेज दी गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कराई जा रही है और इसमें शामिल दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं दूसरी ओर, गांव में चल रहे इस अवैध खेल को लेकर राकेश कुमार, घनश्याम चौरसिया, वेद प्रकाश और संदीप समेत कई ग्रामीणों ने गहरा गुस्सा जाहिर करते हुए प्रशासन से भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की है।

