
राम जन्मभूमि चढ़ावा प्रकरण: अखिलेश यादव पर भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट का विरोध, सपा छात्रसभा की तहरीर, पूर्व मंत्री पवन पांडे की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
अयोध्या। समाजवादी छात्रसभा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवांशु तिवारी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित भ्रामक पोस्ट और वीडियो प्रसारित किए जाने के मामले में कोतवाली नगर में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि कुछ सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो के माध्यम से अखिलेश यादव के संबंध में तथ्यहीन एवं मनगढ़ंत दावे किए जा रहे हैं। सपा नेताओं का कहना है कि इन पोस्टों में राम जन्मभूमि चढ़ावा प्रकरण के एक आरोपी से बातचीत को लेकर किए गए दावे पूरी तरह निराधार हैं तथा उनकी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से प्रसारित किए जा रहे हैं।
छात्रसभा प्रदेश उपाध्यक्ष शिवांशु तिवारी ने पुलिस से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाए।
पूर्व मंत्री पवन पांडे की सुरक्षा बढ़ाने की मांग, एसएसपी को सौंपा ज्ञापन
पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे एवं उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग को लेकर पार्षद प्रतिनिधि अरौनी पासवान के नेतृत्व में अनुसूचित जाति समाज के लोगों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में कहा गया कि पूर्व मंत्री पवन पांडे हमेशा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं और दलित समाज के लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहे हैं।
हाल ही में उन्होंने श्रीराम मंदिर के चढ़ावा प्रकरण को उठाया है, जिसके बाद उन्हें और उनके परिवार को कथित रूप से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी से मांग की कि पवन पांडे एवं उनके परिवार की सुरक्षा तत्काल बढ़ाई जाए, ताकि उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

