
छात्र प्रदर्शन: स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में बिजली और पानी की सप्लाई बाधित होने से नाराज थे छात्र
बोले-शिकायत के बाद भी नहीं होती सुनवाई, कैसे करें पढ़ाई
गोंडा। जिले के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में बिजली और पानी की सप्लाई बाधित होने के बाद वहां पढ़ाई करने वाले छात्रों परेशान है। शिकायत के 48 घंटे बीतने के बाद भी जब बिजली और पानी जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान न हुआ तो छात्रों का धैर्य टूट गया और उन्होंने कॉलेज गेट के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों का आरोप है कि मामले की शिकायत को लेकर जब प्रिंसिपल से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया।
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में एमबीबीएस की पढ़ाई करने वाले छात्रों का आरोप है कि कॉलेज के हॉस्टल में पिछले 48 घंटे से बिजली और पानी की सप्लाई पूरी तरह बाधित है, हालात यह है कि पावर कट के दौरान जनरेटर भी नहीं चलाया जा रहा है। ऐसे में उनकी पढ़ाई पर असर पड़ रहा है।
साथ ही उन्हें मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। छात्रों का आरोप है कि इस मामले को लेकर उन्होंने समस्या को लेकर हॉस्टल के वार्डन और प्रशासन से शिकायत भी की लेकिन कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया, अब 48 घंटे बीत गए है इसके बाद समस्या जस की तस बनी है। छात्रों ने जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है।

प्रदर्शन का वीडियो हुआ वायरल, डिप्टी सीएम ने लिया संज्ञान, हरकत में आया प्रशासन
मूलभूत सुविधाओं को लेकर प्रदर्शन करने वाले छात्रों का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही कॉलेज प्रशासन और शासन स्तर ओ हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो का प्रदेश के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने तुरंत संज्ञान लिया और उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट कर जानकारी दी कि गोंडा मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में 48 घंटे से बिजली-पानी की समस्या और छात्रों के प्रदर्शन की सूचना मिली है।
डिप्टी सीएम ने अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को तुरंत निर्देश दिए हैं कि हॉस्टल में बिजली और पानी की आपूर्ति तत्काल बहाल की जाए। उन्होंने कहा कि छात्रों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल देना सरकार की प्राथमिकता है। ऐसी लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। डिप्टी सीएम के आदेश करने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया। मिली जानकारी के अनुसार बिजली-पानी व्यवस्था ठीक करने के लिए टीम भेजी गई है। छात्रों को उम्मीद है कि अब उनकी समस्या का स्थायी समाधान निकलेगा।
