Ayodhya Unidentified Dead Body: दो लावारिश शव मिलने से सनसनी, नाका और कैंट रेलवे स्टेशन पर मिले मृतक, पहचान नहीं
अयोध्या। शहर क्षेत्र के अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन और नाका क्षेत्र में अलग अलग लावारिश शव मिला है। शवों को जिला अस्पताल लाए जाने के बाद इनको पोस्टमार्टम और पहचान के मोर्चरी में रखवाया गया है।
बताया गया कि शनिवार की सुबह नाका क्षेत्र में एक लगभग 35 वर्षीय युवक लावारिश हाल में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस और एंबुलेंस को दी तथा एंबुलेंस के ईएमटी इंद्रसेन ने युवक को लगभग 6.40 बजे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने परीक्षण के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। तलाशी में मृतक के पास से ऐसा कुछ नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके। इसके कारण शव को मोर्चरी में रखवा पोस्टमार्टम और पहचान के लिए मेमो नगर कोतवाली पुलिस को भिजवाया गया है।
वहीं अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर खड़ी प्रयागराज को जाने वाली ट्रेन में एक 60 वर्षीय वृद्ध लावारिश हाल में मिला। आरपीएफ के सिपाही विजेंद्र वीर सिंह ने एंबुलेंस के ईएमटी राहुल मिश्रा की मदद से उसको जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां इमरजेंसी ड्यूटी कर रहे डॉक्टर पंकज कुमार ने परीक्षण के बाद वृद्ध को मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल प्रशासन का कहना है कि शवों को मोर्चरी में रखवा पोस्टमार्टम के लिए मेमो कोतवाली नगर पुलिस को भेजा जा रहा है।अभी दोनों की हो पहचान नहीं हो पाई है।
