सड़क हादसा: चलती बाइक पर सेल्फी बनी काल, पति-पत्नी और मासूम बेटे की एक साथ उठी अर्थी

Spread the love

सड़क हादसा: मृत पति-पत्नी और मासूम बेटे की एक साथ उठी अर्थी, एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार

गोसाईगंज अयोध्या। थाना गोसाईगंज क्षेत्र के ग्राम सभा गौहनिया के पंडित का पूरा में शनिवार को उस समय हर आंख नम हो गई, जब सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पति, पत्नी और उनके मासूम पुत्र की एक साथ अर्थी उठी। यह हृदय विदारक दृश्य देखकर पूरे गांव के साथ-साथ गौहनिया, पंडितपुरा, पुरेनी, सुनैहना और आसपास के गांवों से पहुंचे लोगों की आंखें छलक पड़ीं।

बताया जा रहा है कि परिवार के तीनों सदस्य बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान चलती बाइक पर मोबाइल से सेल्फी लेने की कोशिश उनके लिए जानलेवा साबित हुई और दर्दनाक हादसे में तीनों की मौत हो गई। एक छोटी-सी चूक ने देखते ही देखते पूरे परिवार की खुशियां उजाड़ दीं।हादसे में माता-पिता और भाई को खोने वाली 12 वर्षीय श्रेया अब पूरी तरह बेसहारा हो गई है।

इस घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। गांव में मातम का माहौल है और परिजनों के विलाप से माहौल बेहद गमगीन हो उठा।शनिवार को दिलासीगंज श्मशानघाट पर पति, पत्नी और पुत्र का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया। जैसे ही तीनों पार्थिव शरीर एक साथ चिता पर रखे गए, वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

मृतक के पिता जियाराम और उनकी पत्नी अपने बेटे, बहू और पोते को खोने के गम में बार-बार बेसुध होकर विलाप करते रहे। उनका करुण क्रंदन सुनकर मौजूद लोगों की आंखें भी भर आईं।अंत्येष्टि स्थल पर प्रधान पुत्र सुधीर कुमार, गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक अभय सिंह के पिता भगवान बक्श सिंह, रामसागर वर्मा, विकास पटेल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। सभी ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।


Spread the love

Related posts