
राज्यपाल का अयोध्या दौरा: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया नए आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन, महिलाओं की आत्मनिर्भरता पर दिया जोर
अयोध्या। आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों के पोषण और शिक्षा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह बातें शनिवार को अयोध्या पहुंची प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने आंगनबाड़ी केंद्र के उद्घाटन अवसर पर कही। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लेना चाहिए।
राज्यपाल यहां वशिष्ट कुंड वार्ड क्षेत्र स्थित ब्रह्मकुंड गुरुद्वारा के निकट बने नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र का निरीक्षण भी किया साथ ही बच्चों से भी संवाद किया। उन्होंने महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा बहुओं से बातचीत के उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लेना चाहिए। सरकार का उद्देश्य है कि हर बच्चे को बेहतर शिक्षा, पोषण और सुरक्षित वातावरण मिले तथा महिलाओं को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।
उन्होंने बताया कि जब अयोध्या धाम में आंगनबाड़ी केंद्रों की जानकारी ली गई तो पता चला कि यहां पर्याप्त केंद्र नहीं हैं। इसके बाद तत्काल नए आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत किए गए। इसी क्रम में वशिष्ट कुंड वार्ड सहित विभिन्न क्षेत्रों में नए केंद्रों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे स्थानीय बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा और पोषण की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जनपद में 70 आंगनबाड़ी केंद्रों की स्वीकृति मिली है, जिनमें से 15 बिल्डिंग में बनकर तैयार हुई है।

