
दहेज उत्पीड़न: पति समेत छह नामजद पर मुकदमा, 10 लाख रुपये, स्कॉर्पियो व जेवरात की मांग का आरोप
अयोध्या। जनपद अयोध्या के थाना पूराकलंदर क्षेत्र के मसौधा बाजार निवासी विवाहिता सृष्टि कसौधन की तहरीर पर पति समेत छह लोगों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पीड़िता के अनुसार उसका विवाह हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। आरोप है कि उससे 11 अंगूठियां, चार सोने की चेन, एक ब्रेसलेट, 10 लाख रुपये नकद और एक स्कॉर्पियो गाड़ी लाने का दबाव बनाया गया। मांग पूरी न होने पर उसके साथ लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना की गई। विरोध करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता का कहना है कि पहले दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था, लेकिन कुछ समय बाद ससुराल वालों ने फिर से दहेज की मांग शुरू कर दी और दोबारा मारपीट की। इससे परेशान होकर उसने थाना पूराकलंदर में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति सहित छह नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85, 115(2), 352, 351(2), 3(5) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम, 1961 की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
थाना पूराकलंदर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं पीड़िता ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।
