
अयोध्या समाचार: युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
तारुन, अयोध्या। थाना क्षेत्र तारुन अंतर्गत ग्राम पंचायत बेलगरा मजरे गदुरहवा में गौतम चौरसिया उर्फ हनुमान पुत्र गंगाराम उम्र 25 वर्ष ने घर के अंदर कमरे की छत की हुक से रस्सी के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली । शुक्रवार की शाम लगभग 5:30 बजे मां जब किसी काम के लिए अंदर गई तो घर का दरवाजा खुला होने से अंदर घुसते ही ऊपर अपने पुत्र को लटके देख उसके होश उड़ गए। चिल्लाती हुई बाहर निकली और बदहवास होकर जमीन पर गिर पड़ी। गांव के लोगों को जानकारी हुई धीरे-धीरे यह खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और हजारों की भीड़ इकठ्ठा हो गई।

तारुन पुलिस जानकारी पाकर पहुंची और शव को उतार कर पंचनामा करने में जुट गई। परिवार में माता-पिता व दो बड़ी बहनें हैं जिनका रो-रोकर बुरा हाल है । यह कदम क्यों और कैसे उठाया यह चर्चा का विषय बना हुआ है । युवक की शादी भी 1 वर्ष पहले हो चुकी थी। मां की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा है ।गांव के कई मित्रों ने बताया कि एक घंटे पहले हम लोगों से मिले थे सामान्य हालत में थे । कोई भी डिप्रेशन नहीं था ।अच्छा स्वभाव मिलनसार होने के नाते गांव के लोग भी हतप्रभ हैं । थाना प्रभारी तारुन लालचंद सरोज ने बताया कि पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है । मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
